डीएम ने समग्र गांव मवैया में विकास कार्यों का निरीक्षण किया और चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। रोजगार सेवक पर सुविधा शुल्क मांगने का आरोप लगने पर डीएम ने उसे कड़ी फटकार लगाई।
डीएम मासूम अली सरवर शनिवार को समग्र गांव मवैया पहुंचे। उन्होंने गांव का निरीक्षण कर विकास कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकतर नालियां कच्ची मिलीं। टूटी नालियों से सड़कों पर गंदा पानी वह रहा था। कई गलियों में खड़ंजा नहीं मिला। गांव में केवल दस बिजली कनेक्शन मिलने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। डीएम ने पूर्व माध्यमिक विद्यालय में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने प्राथमिक विद्यालय के सामने स्थित कुंए पर जाल डलवाने, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, शिविर लगाकर इच्छुक लोगों को बिजली के कनेक्शन दिलवाने, बेसिक विद्यालयों में ढाई माह से बंद पड़े मिड-डे मील को शुरू कराने सहित कई मांगे रखीं। डीएम ने ग्रामीणों को समस्याओं के निस्तारण का आश्वासन दिया। इसके बाद डीएम प्राथमिक विद्यालय पहुंचे और निरीक्षण करने के बाद नौ बच्चों से उनके पाठ्यक्रम से संबंधित सवाल पूछे। चार बच्चों ने सही जवाब दिए तो उन्हें पेन, पेंसिल देकर डीएम ने पुरस्कृत किया। कुछ ग्रामीणों ने रोजगार सेवक पर स्वच्छ शौचालयों के पात्रों की सूची बनाने में सुविधा शुल्क मांगने का आरोप लगाया। इस पर डीएम ने रोजगार सेवक की कड़ी फटकार लगाई और दोबारा शिकायत मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। इस मौके पर एसडीएम बीपी सिंह, तहसीलदार नन्हे लाल, बीडीओ डॉ विवेकानंद गंगवार, सप्लाई इंस्पेक्टर वीर सिंह, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) तौलेराम, एबीएसए डीएल राना और बिजली विभाग के जेई राजेंद्र प्रसाद आदि अधिकारी भी मौजूद थे।