कलेक्ट्रेट में एक कार्यालय का निरीक्षण के दौरान अभिलेख देते डीएम पुलकित खरे।
- फोटो : PILIBHIT
पीलीभीत। डीएम पुलकित खरे ने बुधवार सुबह साढ़े 10 बजे कलक्ट्रेट कार्यालय का निरीक्षण किया। कर्मचारियों की उपस्थिति, राजस्व सहायक और शस्त्र अनुभाग के पटलों से संबंधित पत्रावलियों की जांच की। इस दौरान राजस्व पटल पर वरासत, पेंशन, जन सूचना से संबंधित अभिलेखों में जानकारी अधूरी मिली। डीएम ने एक सप्ताह के भीतर रिकॉर्ड दुरुस्त करने के निर्देश दिए। कहा कि अगर कोई पत्रावली बेवजह लंबित रखी गई तो पटल सहायकों पर कार्रवाई तय है।
निरीक्षण के दौरान शस्त्र लिपिक पटल पर शस्त्र लाइसेंस नवीनीकरण, वरासत, निलंबन, निरस्तीकरण से संबंधित पत्रावलियों की जांच की गई। इस दौरान वरासत संबंधी समस्त तहसीलों और थानों पर लंबित प्रकरणों का कोई अभिलेख नहीं मिला। इसे एक सप्ताह के भीतर मुहैया कराने और निस्तारण के निर्देश दिए। इसकी जिम्मेदारी सिटी मजिस्ट्रेट अरुण कुमार सिंह को दी गई। यह भी कहा कि जो पत्रावली बेवजह अधिक समय से लंबित रखी गई हैं, उनमें संबंधित कर्मचारी को कारण बताओ नोटिस दिया जाए। समस्त अभिलेखों को दुरुस्त करने के लिए 30 जनवरी की समय सीमा तय की। गार्ड पत्रावली को भी अपडेट करने को निर्देशित किया। डीएम ने कहा कि वरासत और नवीनीकरण के लिए प्राप्त पत्रावलियों की जांच तत्काल कर निपटाया जाए। समस्त शस्त्र रजिस्टर नियमित दुरुस्त किए जाते रहें।