डीएम ने गांव फिरसा चुर्राह में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और अधीनस्थ अधिकारियों को समस्याएं निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने गांव में विकास कार्यों का निरीक्षण भी किया।
डीएम मासूम अली सरवर ने गांव फिरसा चुर्राह में नालियों, खडंजा, इंदिरा आवास, स्वच्छ शौचालयों और इंडिया मार्का हैंडपंपों का निरीक्षण किया, जिसमें स्थिति संतोषजनक मिली। बाद में उन्होंने प्राथमिक विद्यालय में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी। गांव के राजेंद्र प्रसाद ने ग्राम पंचायत के तीनों तालाबों से अवैध कब्जा हटवाने की मांग की। डीएम ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को तालाबों से अवैध कब्जा तत्काल हटवाने के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने खराब पड़ी सोलर लाइटें सही कराने की मांग की। गांव के 20 युवकों ने संयुक्त रूप से शिकायत करते हुए कहा कि उन्हें सरकारी स्तर से कंप्यूटर का प्रशिक्षण तो दिलवा दिया गया लेकिन उन्हें प्रमाण पत्र अभी तक नहीं मिले हैं। डीएम ने चौपाल में मौजूद प्राथमिक विद्यालय के पांच बच्चों से उनके पाठ्यक्रमों से संबंधित सवाल पूछे। सभी बच्चों ने सटीक जवाब दे दिए, जिस पर उन्होंने बच्चों को पुरस्कृत किया। जानकारी करने पर डीएम को पता चला कि गांव में 240 परिवार रहते हैं, लेकिन पंचायत विभाग ने इनमें से केवल 120 परिवारों को ही स्वच्छ शौचालय उपलब्ध कराए हैं। ग्राम पंचायत के मजरा चुर्राह के लोगों ने अपने गंावों में विकास कार्य न कराए जाने की शिकायत की। इस मजरा के लोगों ने कोटेदार की भी शिकायत की। डीएम ने ग्रामीणों की सामूहिक शिकायत पर पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता को ईंटगांव से गांव फि रसा चुर्राह तक पहुंचने वाले जर्जर रोड की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। इस मौके पर अधिकांश विभागों जिला, तहसील और ब्लाक स्तर के अधिकारी मौजूद थे।