छतरी चौराहा मोड़ के निकट तालाब की शक्ल में मौजूद जमीन पर एक ठेकेदार द्वारा पटान कर कब्जा करने की कोशिश को डीएम ने नाकाम कर दिया। शिकायत मिलने पर डीएम मासूम अली सरवर ने आरोपी ठेकेदार की कड़ी फटकार लगाते हुए उसके द्वारा पाटे गए भाग को भी पुरानी स्थिति में ला दिया। डीएम की इस कार्रवाई से शहर के तालाबों आदि को पाट कर उस पर कब्जा की कोशिश करने वालों में हड़कंप है। शहर के छतरी चौराहा के निकट स्थित आरएन कलर लैब के बराबर में करीब 3000 वर्ग गज में शहर निवासी एक ठेकेदार समेत दो लोगों की जमीन है। बताया जाता है कि इनमे से एक ने हालही में उस तालाब को मिल की राख डाल पाटना शुरू कर दिया। कुछ लोगों ने इसकी शिकायत जिलाधिकारी मासूम अली सरवर से की। इस पर उन्होंने एसडीएम सदर को तत्काल मौके पर भेज स्थिति दिखवाई तथा संबंधित व्यक्ति को भी तलब किया। बताया जाता है कि संबंधित व्यक्ति अपने साथ राजस्व अभिलेख लेकर गया तथा डीएम को यह समझाने की कोशिश करने लगा कि संबंधित भूमि उसकी है। साथ ही वह उसका पटान वह अवैध खनन कर नहीं कर रहा है बल्कि राख से कर रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने गंभीर रूख अपनाते हुए उससे स्पष्ट शब्दों में कहा कि तालाब की शक्ल बदलनी नहीं चाहिए। उन्होंने निर्देश दिया कि जो भाग उसने पाटा है उसे भी खाली कर दे। वरना कठोर कार्रवाई होगी। डीएम ने एसडीएम से निर्देश का पालन करा बताने को कहा। डीएम के इस कड़े तेवर को देख आरोपी ने आनन-फानन में पाटी गई राख को निकलवा तालाब को पहले की स्थिति में कर दिया। डीएम की इस कार्रवाई से शहर में तालाब पाट कालोनी व मकान का निर्माण करने वालों में हड़कंप है।
तालाब पाटने की शिकायत मिली थी। उसे खाली करवा दिया गया है। शहर में महायोजना अभी 2011 की लागू है। उसकी गाइडलाइन के विरोध में कोई कार्य नहीं होने दिया जाएगा। तालाब पाटने की अगर कोई कोशिश करेगा तो उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मासूम अली सरवर, डीएम