थाना जहॉनाबाद में कुर्सी पर बैठकर साथी होमगार्डों की लिखापढ़ी कर रहे प्लाटून कमांडर के साथ थाने के दीवान और एक मुंशी ने पहले खूब गालीगलौज की। प्लाटून कमांडर ने जब विरोध किया तो उसके साथ हाथापाई पर उतारू हो गए। इससे गुस्साए होमगार्डों ने थाने पर हंगामा किया। बाद में जिला मुख्यालय पहुंचकर एसपी से मिले और तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। एसपी ने मामले की जांच सीओ जहॉनाबाद को सौंपी है।
घटना बुधवार देर शाम की है। जिला मुख्यालय से एक प्लाटून कमांडर (पीसी) नरायानदास समेत करीब 50 जवान दूसरे चरण का मतदान कराने के बाद वापसी आमद कराने थाने पर गए थे। प्लाटून कमांडर का आरोप है कि थाने के दीवान अपने एक साथी मुंशी के साथ होमगार्डों से अभद्रता करने लगे। इस पर उन्होंने किसी तरह से शांत कराया। इसके बाद वह बरामदे में पड़ी कुर्सी खींच कर बैठ गए और ड्यूटी पर आए होमगार्डों का रजिस्टर पर नाम-पता लिख रहे थे।
इसी बीच दोनों आरोपी उनसे भी उलझ गए और गालीगलौज करते हुए मारपीट करने पर उतारू हो गए। इस पर जवान भड़क गए और उन्होंने हंगामा करना शुरू कर दिया। करीब पौन घंटे तक चले हंगामा के बाद सभी होमगार्ड जिला मुख्यालय कार्यालय पहुंचे और घटना की जानकारी होमगार्ड कमांडेंट को दी। वहां से सभी जवान एसपी से मिले और तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। एसपी ने होमगार्डों को कार्रवाई का आश्वासन देते हुए मामले की जांच सीओ जहॉनाबाद को सौंपी है।
कार्रवाई न होने तक नहीं करेंगे ड्यूटी
नाराज होमगार्ड गुरुवार को थाने पर ड्यूटी करने नहीं पहुंचे। सभी होमगार्ड जिला मुख्यालय स्थित जिला होमगार्ड्स दफ्तर पहुंचे। प्लाटून कमांडर नरायानदास ने बताया कि होमगार्डों के पास भी इज्जत है। अपमान को किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जब तक आरोपी दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी। होमगार्ड्स थाना जहॉनाबाद पर काम नहीं करेंगे।
डीएम-एसपी से मिले जिला कमांडेंट
जिला होमगार्ड्स कमांडेंट रमाकांत पाठक शुक्रवार को डीएम मासूम अली सरवर और एसपी जवाहर से मिले। उन्होंने अधिकारियों को मामले की विस्तृत जानकारी दी। जिला होमगार्ड्स कमांडेंट रमाकांत पाठक ने बताया कि दोनों अधिकारियों ने कार्रवाई की आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि होमगार्डों का मान और सम्मान है। जवानों के साथ किसी भी प्रकार का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जवान तीसरे चरण का मतदान संपन्न कराएंगे। इसके बाद जब तक आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हो जाती। वह अपने जवानों को थाना जहॉनाबाद ड्यूटी पर नहीं भेजेंगे।
चुनाव ड्यूटी से वापस होने के बाद होमगार्ड वापसी की आमद कराने थाने पर गए थे। जीडी में वापसी लिखने को लेकर कहासुनी हुई थी। दुर्व्यवहार न करने की हिदायत देते हुए आरोपी दीवान और मुंशी को डांट दिया गया है। तीसरे चरण का चुनाव निपटने के बाद सीओ की जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
- जवाहर, एसपी