पीलीभीत। लखनऊ के केडी सिंह बाबू स्टेडियम में 28 जून को होने वाली सब जूनियर एवं जूनियर राज्य तैराकी प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए जनपदीय टीम का बृहस्पतिवार को चयन ट्रायल हुआ। जिला क्रीड़ा अधिकारी की मौजूदगी में तीन ग्रुप में ट्रायल की प्रक्रिया पूरी की गई।
जिला तैराकी संघ की अवैतनिक सचिव भावना मिश्रा ने बताया कि लखनऊ के केडी सिंह बाबू स्टेडियम में 41वीं सब जूनियर एवं 51वीं जूनियर राज्य तैराकी चैंपियनशिप 28 जून से शुरू हो रही है। प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए बृहस्पतिवार को गांधी स्टेडियम के तरणताल में जनपदीय टीम का ट्रायल के आधार पर चयन किया गया।
इसमें ग्रुप एक बालक वर्ग में रुद्राक्ष गंगवार, ग्रुप दो बालिका वर्ग में देवांशी कपूर, श्रेया, वैभवी सिंह, आशा, विधि खण्डेलवाल और ग्रुप-तीन बालक वर्ग में फैजल मो. खान, फुआद मो. खान, देव कपूर, अर्नव रघुवंशी, आदित्य मौर्य, मयंक गंगवार का चयन किया गया।
ग्रुप-तीन बालिका वर्ग में अश्नीत कौर, तृशा पांडे का चयन किया गया। चयन ट्रायल में जिला क्रीड़ा अधिकारी जयवीर सिंह, जिला तैराकी संघ के संयुक्त सचिव दीप कमल दुबे, संजय पांडे, तैराकी कोच दीपक बिष्ट और महेश तिवारी आदि का विशेष सहयोग रहा।