जिला एकीकरण की बैठक में नए सदस्यों को जोड़ने और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए समिति को सक्रिय करने का निर्णय लिया। इसके अलावा विभिन्न राष्ट्रीय त्यौहारों में भी समिति की प्रतिभागिता पर जोर दिया गया।
जिला पंचायत सभागार में समिति की पदेन अध्यक्ष जिला पंचायत अध्यक्ष रुकैया आरिफ की अध्यक्षता में जिला एकीकरण समिति की बैठक हुई। सचिव सीडीओ इंद्रदेव द्विवेदी ने समिति के जिम्मेदारियों एवं क्रियाकलापों की जानकारी दी। जिले में सांप्रदायिक सौहार्द एवं भाईचारा बनाए रखने को समिति का और विस्तार करने का निर्णय हुआ, जिसके तहत ब्लाक प्रमुख एवं नगरपालिका/ नगर पंचायतों के चेयरमैन को भी इसमें शामिल किया जाएगा। इसके अलावा एकीकरण समिति के ओर से समय समय पर एकता कैंप लगवाने, राष्ट्रीय त्यौहारों पर सहभागिता करने और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया। हालांकि इस समिति में धर्मगुरु भी सदस्य हैं लेकिन सभी धर्मगुरुओं ने अपने प्रतिनिधि भेजकर औपचारिकता निभाई वहीं समिति की अहम कड़ी पुलिस विभाग की अनुपस्थिति भी बैठक में चर्चा में रही। अध्यक्ष रुकैया आरिफ ने इसे गलत बताते हुए नाराजगी भी व्यक्त की। बैठक में राज्यमंत्री के प्रतिनिधि मोहम्मद आरिफ, डीडीओ एके सिंह चंद्रौल, उपायुक्त मनरेगा डॉ. शिवाकांत द्विवेदी, सीएमओ डॉ. ओम चौहान, डीआईओएस जेके वर्मा, लक्ष्मीकांत शर्मा, अनिल महेंदू्र, डॉ. शैलेंद्र गंगवार, अमित पाठक, मोहन सिंह, दिनेश यादव, डॉ. नीलेश कटियार सहित कई सदस्य मौजूद रहे।