कलीनगर। शादी समारोह में टिक्की को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक हो गया। कहासुनी के दौरान एक महिला ने टिक्की बना रहे कारीगरों पर गर्म तेल फेंक दिया। इसकी चपेट में आकर तीन कारीगर झुलस गए। अचानक हुई घटना से शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में झुलसे कारीगरों को माधोटांडा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
तहसील क्षेत्र के नवदिया सुखदासपुर गांव निवासी धर्मेंद्र कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शनिवार रात गांव में मुरारी लाल की बेटी की शादी का समारोह चल रहा था। रात करीब 10:30 बजे मेहमान खाना खा रहे थे। इसी दौरान टिक्की को लेकर कुछ लोगों के बीच कहासुनी होने लगी। आरोप है कि ढकिया केसरपुर निवासी महिला समेत तीन लोगों ने अरुण, बृजेश और सुमित के ऊपर टिक्की बनाने में इस्तेमाल हो रहा गर्म तेल फेंक दिया। इससे तीनों कारीगर झुलस गए। घटना के बाद शादी समारोह में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। परिजन झुलसे कारीगरों को उपचार के लिए माधोटांडा स्वास्थ्य केंद्र ले गए। सीओ विधि भूषण मौर्य ने बताया कि थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।