धान की सीधी खरीद करने पर राइस मिलर्स के खिलाफ कार्रवाई होगी। मंडी प्रशासन ने करीब सभी राइस मिलर्स को नोटिस जारी कर मंडी में होने वाली नीलामी में धान खरीद करने के निर्देश दिए हैं।
धान की कटाई शुरू होने के साथ मंडी में धान की आवक शुरू हो गई है। धान का सरकारी रेट 1410-1450 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। कुछ राइस मिलर्स और धान माफिया सीधी धान की खरीद करने में जुट गए हैं ताकि कम रेट पर धान की खरीद कर मोटा मुनाफा कमाया जा सके। सीधी खरीद को लेकर भाकियू की पिछले दिनों हुई पंचायत में रोष व्यक्त किया गया था। साथ ही सीधी खरीद इस बार कतई न होने देने की चेतावनी दी गई थी। मंडी समिति सचिव प्रवीण कुमार अवस्थी ने बताया कि धान की सीधी खरीद रोकने को करीब सभी राइस मिलर्स को नोटिस जारी किया गया है। धान की सीधी खरीद करने वाले राइस मिलर्स के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। उन्होंने बताया कि नोटिस में राइस मिलर्स को मंडी में होने वाले नीलाम में शामिल होकर धान खरीद करने को कहा गया है।