पूरनपुर। आने वाले दिनों में मकानों का रिकॉर्ड एक क्लिक पर मिल जाएगा। डिजिटल इंडिया लैंड रिकॉर्ड मार्डनाइजेशन प्रोग्राम (डीआईएलआरएमपी) के तहत प्रदेश के दो नगर निगमों के अलावा जिन आठ नगर पालिकाओं को चुना गया है, उनमें पूरनपुर भी शामिल है। डीएम संजय कुमार सिंह मंगलवार को इस योजना का शुभारंभ करेंगे।
सरकार गांवों में बने घरों के स्वामियों को घरौनी का वितरण करा रही है। यह घर के मालिकाना हक का प्रमाणपत्र है। इसी तरह डिजिटल इंडिया लैंड रिकॉर्ड मार्डनाइजेशन प्रोग्राम के तहत प्रदेश के दो नगर निगम और आठ नगर पालिकाओं में भवनों का डिजिटल रिकार्ड तैयार कराने की तैयारी है। नक्शा योजना के तहत भूमि का सटीक और पारदर्शी रिकार्ड तैयार करने के लिए केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयास से कार्य किया जाएगा।
पायलट प्रोजेक्ट के तहत सेटेलाइट से तस्वीरों और आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर नगर क्षेत्र का डिजिटल नक्शा तैयार किया जाएगा। योजना में भू सर्वे के विशेषज्ञों की टीम भी काम करेगी। योजना का शुभारंभ मध्य प्रदेश के रायसेन में 18 फरवरी को केंद्रीय कृषि और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे। पूरनपुर नगर पालिका कार्यालय परिसर में मंगलवार को योजना के शुभांरभ को सोमवार को पूरे दिन तैयारी चलती रही। नगर पालिका चेयरमैन शैलेंद्र गुप्ता ने बताया कि नगर पालिका में डिजिटल इंडिया लैंड रिकार्ड मार्डनाइजेशन प्रोग्राम का शुभारंभ डीएम संजय कुमार सिंह करेंगे। एडीएम ऋतु पूनिया भी मौजूद रहेंगी।
ड्रोन की मदद से नापी जाएगी जमीन
नगर पालिका चेयरमैन शैलेंद्र गुप्ता ने बताया कि डिजिटल रिकार्ड तैयार करने के लिए ड्रोन और हवाई मानचित्र तकनीकी आदि का प्रयोग होगा। डिजिटल भूमि रिकार्ड के फायदे के बारे में लोगों को जानकारी दी जाएगी।
इनका हुआ है चयन
योजना में नगर निगम गोरखपुर और झांसी के अलावा अंबेडकर नगर की टांडा, बाराबंकी की नबाबगंज, चित्रकूट धाम की चित्रकूट, हरदोई जिले की हरदोई, मिर्जापुर जिले की चुनार, शाहजहांंपुर जिले की तिलहर, बुलंदशहर की अनूपनगर और पीलीभीत जिले की पूरनपुर नगर पालिका का चयन किया गया है।