यूपी पुलिस में डॉयल 100 की सफलता को देखते हुए अब इसकी पहुंच गली मोहल्लों तक बढ़ाने की कवायद की जा रही है। इसके लिए अब डॉयल-100 की मोटर साइकिल सेवा शुरू की जा रही है। योजना के प्रथम चरण में जिले को 18 मोटर साइकिलें मिली है। इनपर पुलिसकर्मी की 8-8 घंटे की तीन शिफ्टों में ड्यूटी लगाई जाएगी। बृहस्पतिवार को इसके लिए चयनित पुलिस कर्मियों को प्रशिक्षण दिया गया।
करीब दो वर्ष पूर्व प्रदेश में पुलिस की यूपी डॉयल-100 सेवा शुरू की गई थी। इसके तहत सभी थानों में चार पहिया वाहन उपलब्ध कराए गए थे जिसमें आधुनिक सेवाओं के साथ एमडीआर (मॉनिटर डाटा ट्रेकिंग) के मध्यम से सीधे लखनऊ से जोड़ा गया था। पुलिस की यह सेवा काफी प्रभावी रहती थी लेकिन गली मोहल्लो एवं भीड़ भाड़ वाले स्थानों पर इन वाहनों के पहुंचने में दिक्कत आ रही थी। इसको देखते हुए अब शासन ने मोटरसाइकिल को भी डॉयल-100 सेवा में शामिल किया है। चार पहिया वाहन की तर्ज पर यह मोटर साइकिलें भी किसी भी सूचना पर तत्काल घटनास्थल पर पहुंचेगी। यूपी पुलिस से इस योजना के लिए जिले को 18 मोटर साइकिल उपलब्ध कराई गई हैं। इन मोटर साइकिल पर ड्यूटी करने वाले पुलिस कर्मियों को बृहस्पतिवार को पुलिस लाइन में प्रशिक्षण दिया गया।
आठ-आठ घंटे की रहेगी ड्यूटी
डॉयल 100 सेवा के प्रभारी इंस्पेक्टर एसके उपाध्याय ने बताया कि प्रत्येक मोटर साइकिल पर एक सिपाही एवं होमगार्ड तैनात रहेगा। एक टीम को आठ घंटे के लिए तैनात किया जाएगा। इस तरह 24 घंटे में तीन शिफ्टों में ड्यूटी लगाई जाएगी। इस मोटर साइकिल सेवा के लिए 56 सिपाही एवं इतने ही होमगार्ड का चयन किया जा चुका है।