पूरनपुर। धर्म परिवर्तन कराकर निकाह की सूचना पर हिरासत में लिए गए युवक- युवती के मामले में पुलिस ने दूसरे दिन कानूनी कार्रवाई की। हिरासत में लिए गए युवक, मौलवी, मौलाना समेत चार के खिलाफ फुसलाकर लाने और दबाव बनाकर धर्म परिवर्तन कराने की रिपोर्ट दर्ज की गई। मुख्य आरोपी समेत तीन को चालान कर कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। युवती का मेडिकल परीक्षण कराकर बयान दर्ज करने की तैयारी शुरू कर दी है। उसके परिवार को भी बुलाया गया है।
घटना रविवार दोपहर सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र के गांव कजरी निरंजनपुर की है। गुजरात से 10 दिन पहले दूसरे समुदाय की युवती को फुसलाकर बीसलपुर के मोहल्ला ग्यासपुर का युवक ले आया था। इसके बाद से वह अपनी रिश्तेदारी में सेेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र के गांव कजरी निरंजनपुर रह रहा था। युवती का धर्म परिवर्तन कराकर निकाह की तैयारी चल रही थी। मगर इसकी सूचना पुलिस को कर दी गई। पुलिस ने युवक-युवती को पकड़ लिया था और थाने ले आई थी। इसके बाद से मामले की जांच चल रही थी। कजरी निरंजनपुर के प्रधान और भाजपा नेता यादविंदर पाल सिंह ने पुलिस को मामले में तहरीर दी।
इसमें बताया कि बीसलपुर के मोहल्ला ग्यासपुर निवासी तसलीम आरिफ, मोहल्ला ग्यासपुर निवासी डॉ. आकिब , मौलवी रहीस, ओर सैय्यद मौलाना तालिब गुजरात से दूसरे समुदाय की युवती को फुसलाकर ले आए और सेहराममऊ उत्तरी के गांव कजरी निरंजनपुर में रखा। यहां उसका जबरन धर्म परिवर्तन कराया गया और निकाह कराने वाले थे। एसओ ने बताया कि चारों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। तीन आरोपी सैय्यद तस्लीम आरिफ, मौलवी रहीस, मौलाना तालिब को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। एक आरोपी डॉ. आकिब की गिरफ्तारी शेष है।
एक सप्ताह के भीतर पूरनपुर में धर्म परिवर्तन का दूसरा मामला
जबरन धर्म परिवर्तन कराए जाने का पूरनपुर सर्किल क्षेत्र में एक सप्ताह के भीतर दूसरा मामला सामने आया है। अभी पांच दिन पहले ही एएसपी के आदेश पर एक महिला की ओर से रिपोर्ट दर्ज की गई थी। महिला का आरोप था कि एक युवक ने उसकी बालिग बेटी को प्रेमजाल में फंसाया और फिर उसका धर्म परिवर्तन करा दिया था। उसे निकाह करने के बाद दुबई ले जाकर रखने का लालच दिया था। इसके एवज में कई बार में नकदी और जेवरात भी ठग चुका था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की, तो एक अन्य युवती ने भी उस युवक पर धर्म परिवर्तन कराने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसे भी इसी तरह से ठगा गया था। मुख्य आरोपी और जेवर खरीदने वाले सराफ को को पुलिस ने जेल भेज दिया था।
इसके अलावा पहले भी धर्म परिर्वतन से जुड़े मामले सामने आए हैं। कोतवाली क्षेत्र के एक सफाई कर्मचारी की पत्नी को शहर का एक मीट व्यापारी फुसलाकर ले गया था। उसका धर्म परिर्वतन कराकर कुछ दिन साथ रखा। आरोप था कि परिवार के अन्य सदस्यों ने भी दुष्कर्म किया। फिर घर से निकाल दिया था। इस मामले में भी उस वक्त रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की गई थी। इसके अलावा अभी दस दिन पहले ही डीआईजी के यहां पहुंचे जहानबाद क्षेत्र के एक परिवार ने शिकायत की थी। आरोप लगाया था कि उनके बेटे का बरेली इज्जतनगर के एक व्यक्ति ने धर्म परिवर्तन करा दिया था। इस बात को ग्रामीणों ने भी स्वीकार किया। जांच शुरू की गई, मगर युवक ने इस बात को खारिज कर दिया तो कार्रवाई नहीं हो सकी थी। तीन साल पहले जहानाबाद में पंजाब के एक किशोर का धर्मपरिवर्तन कराने का मामला सामने आया था। एक ट्रक चालक भटके हुए किशोर को अपने घर ले आया था। फिर उसका धर्म परिवर्तन करा दिया था। शिकायत होने पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को जेल भेजा गया था। मामला न्यायालय में विचाराधीन है।