बंदी के दिनों में चूका खुलने की खबर मिलने के बाद डीएफओ कैलाश प्रकाश ने जांच शुरू करा दी है। महोफ रेंजर से पूरे मामले की रिपोर्ट बनाकर जल्द देने को कहा गया है। रेंजर की रिपोर्ट मिलने के बाद वन विभाग आगे की कार्रवाई करेगा।
बता दें कि चूका टाइगर रिजर्व स्पॉट बारिश के दिनों में 15 जूृन से 14 नबंबर तक के लिए बंद कर दिया जाता है। 21 जुलाई को बंदी के बाद भी चूका के खुलने की बात सोशल मीडिया के जरिए सामने आई थी। एक फोटो भी वायरल किया गया। जिसमें एक सपा नेता व एक पुलिस अधिकारी के साथ कुछ लोगों चूका में खड़े दिखाई दे रहे थे। फोटो में शामिल एक युवक ने ही यह फोटो अपनी फेसबुक पर अपलोड की थी। उनसे जुड़े लोगों में से कुछ ने यह फोटो अपलोड कर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। फोटो पुरानी थी या ताजा इसको लेकर संशय की स्थिति होने के कारण शुरूआत में वनविभाग के अफसर पूरे मामले से पल्ला झाड़ते नजर आए। लेकिन मामला सोशल मीडिया पर तूल पकडने के बाद डीएफओ कैलाश प्रकाश ने पूरे मामले की जानकारी करने के लिए महोफ रेंज के रेंजर से रिपोर्ट मांगी है। डीएफओ कैलाश प्रकाश ने बताया कि सोशल मीडिया से जानकारी लगी है। जिसके आधार पर महोफ रेंजर से रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।