पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश से देवहा नदी का जलस्तर बढ़ने लगा है। क्षेत्र के विशनपुर खली नवादा में कटान शुरू हो गया है। लोगों का कहना है कि करीब 20 किसानों की करीब 40 एकड़ जमीन कट चुकी है।
ड्यूनीडाम से निकलकर पीलीभीत होते हुए शाहजहांपुर जाने वाले देवहा नदी ने इस बार कटान शुरू कर दिया है। पिछले कई दिनों से बारिश के बाद डैम का जलस्तर बढ़ गया। इससे देवहा में रूक-रूक कर पानी छोड़ा जा रहा है। पानी बढ़ने से नदी का रूख विशनपुर खली नवादा गांव की ओर हो गया है। नदी के पूर्वी तट पर बने स्परों से टकराकर नदी का प्रवाह पश्चिम तट की ओर टकरा रहा है जिससे खेत कटकर नदी में समा रहे हैं।
दो दिन में क्षेत्र के प्रशांत शुक्ला की छह एकड़, अमनदीप कौर की एक, सुरेंद्र कौर की डेढ़, रणजीत सिंह की ढाई, फुंदन सिंह की पांच, निरंजन सिंह की छह एकड़ जमीन कट चुकी है। इसी प्रकार गांव के मोहम्मद फारुख, किताब अली, अजमत शाह, रियाज अहमद, अल्ताफ, शफी अहमद, काला शाह, इमानबख्श, नत्थू शाह, फूलदेव, अजय, भूपराम, कमरूद्दीन आदि की 3-3 बीघा जमीन कटकर गई है। नदी के लगातार कटान करने और बाढ़ खंड द्वारा कोई बचाव कार्य शुरू न कराने के विरोध में ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर नारेबाजी की। लोगों ने प्रशासन से बचाव कार्य कराने की मांग की है।