पीलीभीत। ब्लॉक ललौरीखेड़ा के ग्राम गोंच निवासी दिव्यांग क्रिकेटर रिहान अहमद ने अपने जज्बे और प्रतिभा से जिले का नाम एक बार फिर रोशन किया है। हाल ही में देहरादून में 21 से 27 सितंबर तक आयोजित भारतीय दिव्यांग क्रिकेट टीम के ट्रायल में रिहान का चयन हुआ है। अब वह 13 से 17 नवंबर तक श्रीलंका में होने वाली पांच मैचों की अंतरराष्ट्रीय सीरीज में हिस्सा लेंगे।
ग्राम गोंच निवासी रिफाकत हुसैन के पुत्र रिहान दिव्यांग हैं। उन्होंने कभी अपने सपनों को सीमाओं में कैद नहीं होने दिया। रिहान की गेंदबाजी राइट हैंड मध्यम तेज है। इसी हुनर ने उन्हें प्रदेश की टीम तक पहुंचाया था। वर्ष 2023 में उनका चयन उत्तर प्रदेश दिव्यांग क्रिकेट टीम में हुआ था और तब से वे लगातार अपने खेल से सबका दिल जीत रहे हैं।
रिहान का कहना है भारत की दिव्यांग क्रिकेट टीम से खेलना मेरा सौभाग्य है। अब तमन्ना है कि मेरा प्रदर्शन देश का मान बढ़ाए। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने बड़े भाई रिजवान हुसैन को दिया है, जिन्होंने हर मुश्किल समय में उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। बचपन से ही क्रिकेट के दीवाने रिहान पिछले पांच साल से बरेली के डोरी लाल स्टेडियम में अभ्यास कर रहे हैं।
उनकी लगन और मेहनत ने कई पुरस्कार दिलाए हैं। अब जब वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने जा रहे हैं, तो गांव और जिले के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई है। रिहान ने बताया कि वे 12 नवंबर को चेन्नई से श्रीलंका के लिए रवाना होंगे। यह पल उनके लिए गर्व का विषय है