प्ललेटपऊफामऱ्र्म पर चल रहा है काम
जिलेवासियों को भले ही बड़ी रेल लाइन की सौगात दी गई हो, लेकिन इन दिनों रेल यात्री रोजाना ही मुसीबतों का शिकार हो रहे हैं। मीटरगेज प्लेटफार्म पर चल रहे निर्माण कार्य को लेकर खोदे गए गड्ढों के बीच होकर यात्रियों को गुुजरना पड़ रहा है, इसके अलावा पांच दिन से प्लेटफार्म चार की बिजली सप्लाई ठप है।
पीलीभीत-भोजीपुरा रेल मार्ग पर ब्राडगेज कार्यों को लेकर सभी मीटरगेज ट्रेनों का संचालन प्लेटफार्म नंबर चार से किया जा रहा है। वर्तमान में मैलानी व शाहजहांपुर रूट के लिए पांच-पांच ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। वही ब्राडगेज कंवर्जन के तहत प्लेटफार्म चार को प्लेटफार्म दो में परिवर्तित कर इसका निर्माण कार्य किया जा रहा है। प्लेटफार्म की शिफ्टिंग को लेकर नए पिलर के लिए बड़े-बड़े गड्ढे खोदे गए हैं, लेकिन पिलर फाउंडेशन तैयार होने के बाद भी इन गड्ढों को अभी तक भरा नहीं गया है। करीब दो दिन पूर्व से प्लेटफार्म पर पड़े टीन शेड को हटाने का कार्य चल रहा है। मजदूरों द्वारा सीमेंट शेड को तोड़कर प्लेटफार्म की फर्श पर ही डाला जा रहा है। जिससे एक तो यात्रियों को धूप में बैठकर ट्रेन का इंतजार करना पड़ रहा है, वहीं दूसरी ओर बेतरतीब फैले सामान के चलते यात्रियों को आवागमन में दिक्कतें हो रही हैं। खास बात यह है कि इस प्लेटफार्म पर पिछले पांच दिनों से प्रकाश व्यवस्था ठप पड़ी हुई है। इसके चलते शाम होते पूरे प्लेटफार्म परिसर पर अंधेरा छा जाता है। जिसके चलते यात्रियों को अंधेरे में ठोकरें खाते हुए ट्रेन तक पहुंचना पड़ रहा है। इसको लेकर रेलयात्रियों में खासा रोष है। इधर स्थानीय रेल अधिकारी ब्राडगेज कार्य होने का हवाला देते हुए अव्यवस्थाएं होने की बात कह रहे है। उनका कहना है कि ब्राडगेज कार्य जारी है। ऐसे में बिजली लाइनें आदि हटाई गई है। जल्द ही व्यवस्था दुरुस्त कर दी जाएगी।