पीलीभीत। मेडिकल कॉलेज में कर्मियों को पूरा करने के लिए निकाली गई टेंडर प्रक्रिया में अनियमितता की शिकायत का उप मुख्यमंत्री ने संज्ञान लिया है। एक सप्ताह के अंदर जांच आख्या रिपोर्ट उपलब्ध कराए जाने को लेकर निर्देश दिए हैं। इस संबंध में एक्स पर पोस्ट भी की है।
कुछ समय पहले मेडिकल कॉलेज में कर्मचारियों को पूरा करने के संबंध में निविदा निकाली गई थी। यह निविदा तीन बार निकाली गई। बावजूद तीनों बार टेंडर प्रक्रिया को पूरा नहीं किया जा सका। मामले में अनियमितता का आरोप भी लगा।
बताया जा रहा है कि मामले की शिकायत हुई। अब इस मामले का उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने संज्ञान लिया है। महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण को इस मामले की जांच करने के निर्देश दिए हैं। पूरे मामले की जांच कर आख्या एक सप्ताह में उपलब्ध कराते हुए दोषी पर कठोर कार्रवाई किए जाने की बात कही है।
मामले में मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. संगीता अनेजा ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया चल रही है। कुछ लोगों ने टेंडर के लिए आवेदन किया था। उनकी निविदा में कमियां थीं। इसको लेकर निरस्त कर दिया गया था। किसी ने मामले में शिकायत की थी। शासन स्तर से जो जांच आएगी उस पर जवाब दिया जाएगा।