गांधी स्टेडियम के तरणताल में स्वीमिंग करते बच्चे। स्रोत : जागरूक पाठक
पीलीभीत। गांधी स्टेडियम के तरणताल में अब महिलाओं व युवतियों के लिए तैराकी सीखना अधिक सहज व सुरक्षित हो सकेगा। ग्रीष्म कालीन सत्र में तरणताल शुभारंभ के बाद अब महिला ट्रेनर की निगरानी में महिलाएं व युवतियां तैराकी का अभ्यास कर सकेंगी। महिला ट्रेनर की तैनाती के बाद पंजीकरण शुरू हो गए हैं।
शहर के गांधी स्टेडियम स्थित तरणताल को आखिरकार महिला ट्रेनर मिल गई है। अब तक यहां केवल पुरुष प्रशिक्षकों के सहारे प्रशिक्षण संचालित हो रहा था। इसके चलते महिलाएं व युवतियां तैराकी प्रशिक्षण लेने से कतराती थी। कई अभिभावकों ने भी बेटियों को भेजने में असहजता जताई। सिटी मजिस्ट्रेट के निर्देश पर महिला ट्रेनर की नियुक्ति के बाद खेल विभाग ने नए बैच के लिए आवेदन लेना शुरू कर दिया है। इस फैसले के बाद महिलाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। महिलाओं के पंजीकरण होना शुरू हो गए हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि अब बड़ी संख्या में युवतियां व महिलाएं तैराकी सीखने के लिए आगे आएंगी। संवाद