सेहरामऊ उत्तरी। सेहरामऊ रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर जोगराजपुर न होने, गोरखपुर एक्सप्रेस ट्रेन का सेहरामऊ रेलवे स्टेशन पर ठहराव न होने सहित ट्रेनों की समय सारिणी के विरोध में सेहरामऊ रेलवे स्टेशन पर लोगों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने रेल मंत्री को संबोधित पांच सूत्री ज्ञापन स्टेशन मास्टर को दिया।
बुधवार को स्टेशन परिसर में एकत्र हुए लोगों ने समस्याओं को लेकर पूर्व में केंद्रीय राज्य मंत्री, विधायक आदि को ज्ञापन देने के बाद भी समस्याओं का समाधान न होने के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी प्रभात मिश्रा, दिनेश श्रीवास्तव, डॉ. मोहित, मनीष त्रिपाठी और पिंटू आदि ने बताया कि समस्याओं को लेकर इससे पहले कई बार मांग की गई। मगर समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने रेल मंत्री को संबोधित पांच सूत्री ज्ञापन स्टेशन मास्टर को दिया। ज्ञापन में सेहरामऊ रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर जोगराजपुर कराने, गोरखपुर एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव सेहरामऊ स्टेशन पर कराने, मैलानी से पीलीभीत जाने वाली 55358 ट्रेन को बरेली तक चलवाने, डालीगंज, सीतापुर, लखीमपुर, मैलानी से सुबह आठ बजे पैसेंजर ट्रेन चलवाने, डालीगंज से शाम छह बजे मैलानी जंक्शन तक चलने वाली ट्रेन का विस्तार पीलीभीत तक कराने आदि की मांग की।