कलेक्ट्रेट में धरना देकर प्रदर्शन करते पंचायत सफाई कर्मी । स्रोत - पदाधिकारी
कलक्ट्रेट में की नारेबाजी, मुख्यमंत्री को संंबोधित दिया ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। गांवों में तैनात पंचायती राज विभाग के सफाई कर्मचारियों ने ऑनलाइन हाजिरी प्रणाली को लेकर कलक्ट्रेट में नारेबाजी की। धरना-प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन दिया।
मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन में कहा गया है कि पंचायती राज विभाग में कार्यरत सफाई कर्मचारियों को ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली से मुक्त रखा जाए। बताया कि राजस्व गांवों में नियुक्त सफाई कर्मचारियों के जॉब चार्ट के अनुसार गर्मियों में सुबह सात से दोपहर दो बजे तक और सर्दियों में सुबह आठ से शाम पांच बजे तक का समय निश्चित है।
जबकि ग्राम पंचायत में सचिवालय भवन खुलने का समय सुबह 10 से शाम पांच बजे तक है। ग्राम पंचायत में कई-कई राजस्व ग्राम और मजरे होते हैं। जिनकी दूरी ग्राम सचिवालय से 10 से 12 किलोमीटर दूर है। जहां आने-जाने में अनावश्यक रूप से समय लगता है। इससे सफाई काम भी प्रभावित होता है।
ज्ञापन में कहा गया है कि पंचायत राज विभाग में सफाई कर्मचारियों की सेवा नियमावली बनाई जाए। ज्ञापन देने वालों में जिलाध्यक्ष धर्मपाल सिंह, जिला महामंत्री अजय बाबू छैल, माजिद अली, दीनानाथ, दिनेश भारती सहित काफी संख्या में लोग मौजूद रहे। इसके साथ ही संयुक्त राज्य कर्मचारी परिषद के जिला अध्यक्ष हसमुद्दीन भी मौजूद रहे।