पीलीभीत। मजदूर कुंवरपाल की मौत सिर में चोट लगने के बाद खून का थक्का जमने से हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हुई है। इसके बाद परिवार वालों की ओर से जताई जा रही हत्या की आशंका को बल मिला है। अब पुलिस भी बीते दिनों हुई मारपीट से सिर में चोट आना ही मौत की वजह मान रही है। कार्रवाई के लिए परिजन से तहरीर मांगी गई है।
कोतवाली क्षेत्र के अलीगंज गांव निवासी 25 वर्षीय कुंवरपाल पुत्र देवीराम की बुधवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। शरीर पर कोई चोट न मिलने पर पुलिस ने कोरोना के शक में मौत मानकर स्वास्थ्य विभाग से सैंपलिंग कराई थी। वहीं परिवार के कुछ सदस्यों का कहना था कि युवक की मौत 20 मई को बड़े भाई द्वारा की गई पिटाई में चोट लगने हुई है। पुलिस ने स्थिति स्पष्ट करने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया। कोतवाल श्रीकांत द्विवेदी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खून का थक्का जमने से मौत होना बताया गया है। ऐसे में मामला मारपीट में आई चोट का ही प्रतीत हो रहा है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।