कलीनगर। माधोटांडा कस्बे में बच्चों के बीच हुई कहासुनी की शिकायत करने पहुंचे दंपती पर एक राय होकर कुछ लोगों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। बचाव करने पहुंचे अन्य लोगों की भी पिटाई की गई। घायलों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने तहरीर मिलने पर छह नामजद के खिलाफ जानलेवा हमले समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
माधोटांडा कस्बा निवासी रामऔतार ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 18 मई को देर शाम भतीजे और पास के ही रहने वाले सर्वेश के पुत्र से कुछ कहासुनी हो गई थी। जानकारी होने पर भाई रामकुमार उर्फ गुड्डू, अपनी पत्नी राजेश्वरी देवी के साथ शिकायत करने के लिए उक्त व्यक्ति के घर पहुंचा।
आरोप है कि इसपर सर्वेश, उसके भाई शिवकुमार, महेंद्र, भतीजे निशांत व एक अन्य महिला ने एक राय होकर मारपीट शुरू कर दी। जान से मारने की नीयत से दोनों पर धारदार हथियार से हमला भी किया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
बचाव करने पहुंचे भतीजे कमल व विमल को भी पीटा गया। शोर शराबे पर काफी लोग एकत्र हो गए, जिसपर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर चले गए। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। एसओ अचल कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।