शहर में ऐतिहासिक दधिकांधौ शोभायात्रा शुक्रवार को धूमधाम से निकाली गई। शोभायात्रा का श्रद्धालुओं ने जगह-जगह भव्य स्वागत किया और आरती उतारी।
शहर के चौक बाजार स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर से शुक्रवार शाम गाजे-बाजे के साथ शोभायात्रा शुरू हुई। यहां से शोभायात्रा जेपी रोड, सुनहरी मस्जिद चौराहा, रामस्वरूप पार्क, ड्रमंडगंज चौराहा, लोटन महाराज चौराहा, परमठ मंदिर, गीता मंदिर, लेखराज चौराहा, दूधिया मंदिर, होली चौराहा, काला मंदिर, खूबचंद मंदिर, बेनी चौधरी होते हुए देर शाम पुन: लक्ष्मी नारायण मंदिर में पहुंचकर संपन्न हुई। श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा में सिंहासन पर विराजमान राधा-कृष्ण के स्वरूपों की आरती उतारकर पूजा-अर्चना की। शोभायात्रा में रविंद्र मोहन भटनागर समेत तमाम प्रमुख लोग शामिल रहे।
पूरनपुर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में नगर में बैंडबाजों के साथ शोभायात्रा निकाली गई। ठाकुरद्वारा मंदिर से शुरू हुई शोभायात्रा नगर के सीमेंट रोड, स्टेशन रोड, संजय गांधी मार्ग, तहसील रोड, कोतवाली रोड होती हुई पुन: ठाकुरद्वारा मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। शोभायात्रा में राधा-कृष्ण, गणेश-लक्ष्मी, सीता-राम आदि की झांकियां चल रही थीं। इनके पीछे तमाम श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते चल रहे थे। शोभायात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया।