लेखपाल संघ अपनी मांगों को लेकर 16 अगस्त से आंदोलन करेगा। इसकी शुरुआत मंगलवार को तहसील दिवस के बहिष्कार से होगी। लेखपालों ने बैठक कर आंदोलन की सफलता को रणनीति बनाई।
लेखपाल संवर्ग में उत्पन्न एसीपी की कर्मियों को दूर करने, लेखपाल का पदनाम बदलकर राजस्व उपनिरीक्षक एवं शैक्षिक योग्यता स्नातक करते हुए 5200-20200 ग्रेड पे वेतन करने, स्थानांतरण नीति में संशोधन करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर लेखपाल संघ पहले भी आंदोलन कर चुका है। इसके अगले क्रम में अब 16 अगस्त से आंदोलन शुरू होगा। लेखपालों की बैठक में जिलाध्यक्ष अशोक गंगवार एवं मंत्री राधेकृष्ण ने कहा कि प्रांतीय आह्वान पर मंगलवार को तहसील दिवसों का बहिष्कार कर एसडीएम को ज्ञापन सौंपेंगे। इसके बाद 17 से 22 अगस्त तक काली पट्टी बांधकर काम किया जाएगा। 23 से 29 तक हड़ताल कर नेहरू पार्क में धरना देकर विरोध जताएंगे। इस दौरान राजस्व मंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन भी डीएम के माध्यम से भेजा जाएगा। 30 अगस्त को विधानसभा का घेराव किया जाएगा और इतने पर भी मांगे पूरी न होने पर लखनऊ में आंदोलन के दौरान ही आगे की रणनीति तय की जाएगी। उन्होंने सभी लेखपालों से कार्यक्रम के अनुसार प्रतिभाग कर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की। बैठक में सुभाष दीक्षित, निखिल सक्सेना, जगतवीर सिंह, अनूपव शर्मा, रक्षपाल, अनुराग सहित कई लोग थे।