दिल्ली-मुरादाबाद के बीच पकड़े गए दोनों
अपहरण का मामला दर्ज करके नवाबगंज पुलिस व एसओजी टीम मोबाइल लोकेशन के आधार पर छात्रा का पीछा कर रही थी। पुलिस ने दिल्ली और मुरादाबाद के बीच रास्ते से छात्रा को तलाश कर लिया। पुलिस छात्रा से थाने में पूछताछ कर रही है।
छात्रा अकेली रहकर करती थी पढ़ाई
नवाबगंज इंस्पेक्टर अरुण श्रीवास्तव के मुताबिक छात्रा ने अपने प्रेमी के साथ फिरौती की साजिश रचने की बात बताई है। दरअसल गांव निवासी प्रेमी दिल्ली में ही रहकर काम करता है। छात्रा अकेली यहां किराये के कमरे में रहकर पढ़ रही थी। दोनों ने ही साथ में जाने का प्लान बनाया। योजना के तहत प्रेमी दिल्ली से बरेली में सेटेलाइट स्टैंड पर आ गया।
प्रेमी के दोस्त ने भी दिया दोनों का साथ
छात्रा अकेली ही कोचिंग का रास्ता बदलकर ई रिक्शा में बैठ गई। प्रेमी का दोस्त उसे मिला जिसके साथ वह सेटेलाइट स्टैंड तक आ गई। यहां से प्रेमी के साथ दोनों बस में बैठकर दिल्ली को निकले। चूंकि खर्चे को रुपये कम थे तो प्रेमी के कहने पर नाबालिग छात्रा ने पहले सहेली और फिर पिता को मेसेज करके 15 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। हालांकि बाद में फिरौती की मांग घटकर दस हजार तक आ गई। तभी पुलिस समझ गई कि मामला अपहरण का नहीं है। पुलिस ने प्रेमी व उसके दोस्त को भी गिरफ्तार कर लिया है। छात्रा समेत तीनों पर कार्रवाई की तैयारी हो रही है।