पीलीभीत। डीएम पुलकित खरे की अध्यक्षता में हुई बैठक में तय हुआ कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान दो से 30 अप्रैल और दस्तक अभियान 15 से 30 अप्रैल तक चलाया जाएगा। इसमें 11 विभागों का सहयोग रहेगा। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग इस अभियान का नोडल विभाग होगा।
डीएम ने बताया कि इसके तहत बुखार, इंफ्लुएंजा लाइक इलनेस (आईएलआई), क्षय रोग तथा कुपोषित बच्चों, मच्छरों का प्रजनन रोकने की कार्रवाई की जाएगी। पिछले साल जिन क्षेत्रों में इन बीमारियों के ज्यादा केस मिले हैं, वहां विशेष ध्यान रखते हुए नोडल अधिकारी बनाए जाएंगे। उस क्षेत्र की आंगनबाड़ी, एएनएम, आशा वर्कर का सहयोग लिया जाएगा।
जागरूकता के लिए गांवों में कोटेदार व ग्राम प्रधानों का सहयोग लेकर कार्यक्रम चलाया जाएगा। कहा कि पिछले साल सभी ब्लॉक में डेंगू के मरीज मिले। उन क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया जाए। डीएम ने फॉगिंग कराने के निर्देश दिए। सीएमओ डॉ. आलोक शर्मा ने शनिवार को बताया कि डीएम की अध्यक्षता में संचारी रोग नियंत्रण के संबंध में बैठक में सभी विभागों से समन्वय करके संचारी रोग पर नियंत्रण की रणनीति तय की गई है। बैठक में सीडीओ प्रशांत कुमार समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।