पीलीभीत। वेब सीरीज तांडव के विरोध में हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ता गुरुवार को सड़क पर गए। हालांकि जिला और नगर कार्यकारिणी के बीच पहले से सूचना न दिए जाने को लेकर पेच फंसा रहा। बाद में कार्यकर्ता एकत्र हुए और पुतला दहन करने आगे आए तो पुलिस ने रोक लिया। कार्यकर्ताओं की लाख कोशिशों के बाद भी पुलिस ने पुतला फूंकने नहीं दिया गया। कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर ज्ञापन देकर विरोध जताया।
हिंदू धर्म को आहत करने वाले दृश्य को लेकर वेब सीरीज तांडव का विभिन्न शहरों में कई दिनों से विरोध प्रदर्शन हो रहा है। अभी तक जनपद में कोई विरोध प्रदर्शन नहीं हुआ था। बृहस्पतिवार को हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने विरोध करते हुए पुतला फूंकने का प्रयास किया, मगर वह सफल नहीं हो सके। कलक्ट्रेट तिराहा पर कार्यकर्ता नगर अध्यक्ष प्रताप सिंह राठौर की अगुवाई में जमा हुए। आपस में बातचीत कर विरोध प्रदर्शन की रणनीति बनाई। इसी बीच जिला कार्यकारिणी के कुछ पदाधिकारियों ने पहले से सूचना न देने का एतराज जताया। इस पर बातचीत हुई और बाद में दोनों में सहमति बन गई। कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए पुतला लेकर सड़क पर आ गए। उन्होंने प्रदर्शन शुरू किया था कि इसकी सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने कार्यकर्ताओं से बातचीत कर पुतला न फूंकने की बात की। इसके बाद प्रदर्शन कर कार्यकर्ताओं ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा और लौट गए। पुलिस ने पुतला दहन नहीं होने दिया। ज्ञापन देने वालों में अमित गुप्ता, मनीष शर्मा, जगदीश, विजय कुमार, पंकज कुमार, राकेश कुमार आदि थे।