पीलीभीत। श्रावण मास के तीसरे सोमवार को जिले भर के शिव मंदिर हर-हर महादेव के उद्घोष से गूंज उठे। शिवभक्तों ने सुबह मंदिरों में पहुंचकर जलाभिषेक किया और भगवान शिव की पूजा अर्चना की। कुछ मंदिरों में रुद्राभिषेक कार्यक्रम भी हुआ। सुहागिनों ने अखंड सौभाग्य व युवतियों ने मनोवांछित वर की कामना से व्रत रखा। देर शाम तक शिव मंदिरों में श्रद्धा का सैलाब उमड़ता रहा।
सावन के तीसरे सोमवार को शहर के ऐतिहासिक गौरी शंकर मंदिर, अर्द्धनारीश्वर मंदिर, दूधियानाथ मंदिर, काला मंदिर समेत अन्य शिव मंदिरों में सोमवार भोर होते ही शिवभक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। शिवभक्तों ने शिवलिंग का जलाभिषेक कर भगवान शिव की आराधना की और बेलपत्र और दूध चढ़ाया। दिन भर शिवालय बम-बम भोले की जयकारों से गूंजते रहे। घरों में भी महिलाओं और बच्चों ने भगवान शिव की पूजा अर्चना की और मनौतियां मांगीं। मंदिरों के बाहर लगी बेलपत्र, फूल, धतूरा आदि की दुकानों पर श्रद्धालुओं की भीड़भाड़ रही। मंदिर परिसरों में विशेष सजावट की गई। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल भी मौजूद रहा।
पूरनपुर। ठाकुरद्वारा मंदिर, देवीस्थान मंदिर, सीताराम मंदिर समेत अन्य मंदिरों मेें सुबह से ही शिवभक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। शिवभक्तों ने व्रत रखकर शिवालयों में पूजा अर्चना की। सिरसा जंगल में स्थित बाबा इकोहत्तरनाथ मंदिर में 151 कांवड़ियों के जत्थे ने पहुंचकर जलाभिषेक किया।
बीसलपुर। श्रद्धालुओं ने व्रत रहकर शिव मंदिरों में पूजा अर्चना की। दोपहर बाद श्रद्धालुओं ने शिव मंदिरों में भजन कीर्तन किए। शिवमंदिरों में दिन भर काफी भीड़ भाड़ रही। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस बल तैनात किया गया। नगर के गुलेश्वरनाथ मंदिर में मेला भी लगा, जहां दुकानें और झूले भी लगे। गुलेश्वर नाथ मंदिर में गंगा नदी के विभिन्न घाटों से लाया गंगा जल कावड़ियों ने चढ़ाया।
बिलसंडा। श्रावण माह के तीसरे सोमवार को शिव भक्तों का सैलाब जमकर उमड़ा। शिवभक्तों ने गौरीशंकर मंदिर, ऊंचा मंदिर, देवीस्थान, ठाकुद्वारा मंदिर और लिलहर शिव मंदिर में पहुंचकर पूजा अर्चना की। इस दौरान सौ से अधिक कांवड़ियों ने शिव मंदिरों में पहुंचकर जलाभिषेक किया। जत्थे में नरेंद्रमोहन सक्सेना, मनु शुक्ला, मंटू जायसवाल, अजय जायसवाल, दुर्गेश गंगवार, अमित शर्मा आदि शामिल रहे।
गौरीशंकर मंदिर में उमड़ा कांवड़ियों का सैलाब
पीलीभीत। सावन के इस माह में तीसरे सोमवार को कांवड़ियों की भीड़ सर्वाधिक रही। शहर की सड़कें केसरिया रंग से पटी दिखाई दीं। दोपहर बाद तक गौरीशंकर मंदिर से लक्ष्मी नारायण मंदिर तक कांवड़ियों की कतार लगी रही। सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मियों ने कांवड़ियों को एक-एक कर मंदिर परिसर तक पहुंचाया। खास बात रही कि तीसरे सोमवार को शिवालय तक पहुंचने वाले सभी जत्थे गाजे बाजे के साथ नाचते गाते पहुंचे।