पीलीभीत के पूरनपुर में विदेश भेजने के नाम पर ठगी का शिकार हुए लोगों की सहूलियत के लिए पूरनपुर कोतवाली में सोमवार को जनसुनवाई शिविर लगा। इस दौरान 500 से अधिक पीड़ित पहुंचे। इनमें पीलीभीत, लखीमपुर, शाहजहांपुर, बरेली, बदायूं समेत अन्य जिलों के अलावा चंडीगढ़-पंजाब तक के लोग शामिल थे। एसपी अविनाश पांडेय ने पीड़ितों की शिकायतें सुनीं। शिविर में कई काउंटर लगाए गए। कानूनी सलाह भी दी गई। वहीं, धोखाधड़ी करने वाले आरोपियों की संपत्ति की जांच भी शुरू कराई गई।
सोमवार की सुबह कोतवाली में शिविर शुरू होने से पहले ही शिकायतकर्ताओं की भीड़ जुटने लगी थी। शिविर में पहुंचने वाले पीड़ितों के बैठने की व्यवस्था की गई। पंजीकरण, जांच, सुनवाई आदि कई काउंटर लगाए गए। कोतवाल के अलावा इंस्पेक्टर क्राइम, माधोटांडा, बीसलपुर कोतवाल, एसओजी प्रभारी ने शिविर में पहुंचे शिकायतकर्ताओं के नाम-पते नोट किए।
काउंटरों पर आईं शिकायत में एक-एक पीड़ित को एनाउंस कर एसपी के पास भेजा गया। एसपी ने समस्याएं सुनी। शिविर में दोपहर दो बजे तक पांच सौ से अधिक पीड़ित पहुंचे। कुछ मामलों में एफआईआर और कई मामलों में एसपी ने जांच के आदेश किए। कोतवाली में पूरे दिन गहमा-गहमी का माहौल रहा।