माधोटांडा। मैच के दौरान जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने पर हुए खूनी संघर्ष के मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर 15 नामजद के खिलाफ क्राॅस रिपोर्ट दर्ज की है।
एक पक्ष के ग्राम राजपुर ताल्लुके महाराजपुर निवासी सुशील कुमार जाटव ने माधोटांडा थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि आठ मार्च को वह और गांव के जितेंद्र, धमेंद्र, विजय कुमार को सिमरा गांव के कुछ लोगों ने मैच खेलने के लिए बुलाया। आरोप है कि मैच के दौरान सचिन यादव, नन्कू यादव, अंकित यादव, जयकरन, अरविंद यादव, दंगल सिंह, सुखवीर, बुद्धपाल, करन सिंह ने जातिसूचक गाली-गलौज की। विरोध करने पर आरोपियों ने धारदार हथियार से जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। तमंचा दिखाकर भी धमकाया।
दूसरे पक्ष के गोलू यादव ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि राजपुर गांव निवासी सुरेश, परविंद के खिलाफ धार्मिक टिप्पणी को लेकर शिकायत की गई थी। आरोपी एक संगठन से जुड़े हैं और आए दिन धार्मिक टिप्पणी करते हैं। आठ मार्च को दोनों आरोपियों के अलावा जितेंद्र, धमेंद्र, भोलू, हाशिम, आकाश व 15 अज्ञात लोग धारदार हथियार लेकर उसके घर में आकर हमलावर हो गए। थाना प्रभारी अशोक पाल सिंह ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों की प्राप्त तहरीर पर 15 नामजद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आगे की विधिक प्रक्रिया पर अमल किया जा रहा है।