पीलीभीत। परंपरागत खेती से हटकर फल, फूल एवं सब्जी की खेती करने पर किसानों को अनुदान दिया जाएगा। इसके साथ ही सिंचाई के आधुनिक साधनों पर भी अनुदान दिया जा रहा है। विभागीय योजनाओं का लाभ किसानों को ऑन लाइन रजिस्ट्रेशन कराने पर ही मिलेगा।
औद्यानिक खेती को बढ़ावा देने के लिए उद्यान विभाग भी किसानों को समय-समय पर योजनाएं चलाकर सहयोग कर रहा है। उद्यान विभाग की ओर से अब प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत सिंचाई के आधुनिक साधनों जैसे स्प्रिंकलर, ड्रिप सिस्टम लगवाने पर 56 से 67 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाएगा। इसके साथ ही राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत आम, अमरूद के बाग लगाने पर 50 प्रतिशत, ग्लोडियोलाई, गेंदा गुलाब उगाने पर 40 से 50 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाएगा। इसके अलावा मिर्च, लहसुन उगाने, पुराने बागों का जीर्णोद्धार कराने पर भी अनुदान दिये जाने की योजना है।
पंजीकरण कराने पर मिलेगा लाभ
कृषि विभाग की तरह उद्यान विभाग की योजनाओं का लाभ लेने के लिए किसानों को ऑनलाइन पंजीकरण कराना होगा। इसके लिए जोतबही अथवा खतौनी, बैंक पासबुक, आईडी, बैंक पासबुक की छाया प्रति के साथ पंजीकरण कराना होगा।
इन कार्यों पर मिलेगा अनुदान (प्रति हेक्टेअर)
कार्य अनुदान(अधिकतम) प्रतिशत
ड्रिप/स्प्रिंकलर 56000 से 67000 56-67
पोर्टेबल स्प्रिंकलर 10967 से 13125 56-67
आम 7650 50
अमरूद 10502 50
ग्लोडियोलाई 37500 से 60000 25-40
गेंदा-गुलाब 10000 से 16000 25-40
मिर्च/लहसुन 12000 40
औद्यानिक फसलों को बढ़ावा देने के लिए विभाग से विभिन्न कार्यों के लिए अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है। इच्छुक किसान कार्यालय से संपर्क कर लाभ ले सकते हैं।
- डॉ. धीरेंद्र सिंह, जिला उद्यान अधिकारी