पीलीभीत। जिले में पिछले दो दशकों से हर साल बरसात के समय किसी ने किसी क्षेत्र में बाढ़ का असर रहता है। मगर इस बार बरसात से पहले ही आपदाओं ने दस्तक देकर चिंता बढ़ा दी है । चार माह में तीन महत्वपूर्ण पुल क्षतिग्रस्त हो जाने से आवागमन बंद है तो रविवार को रजवाहा का साइफन पुल के आगे का भाग कट गया है। जिससे 150 गांवों के लाखों लोग प्रभावित हुए हैं।
जिले में नदियों का जाल होने से हर साल बाढ़ का खतरा रहता है। पिछले साल देवहा और शारदा नदी के उफनाने से शहर समेत जिले का अधिकतर हिस्सा बाढ़ की चपेट में आ गया था। शारदा नदी से सटे गांवों में जलभराव के साथ कृषि फसलों का कटान भी खूब हुआ था। माधोटांडा-पीलीभीत मार्ग भी तीन स्थानों पर कट गया था।
अमरिया क्षेत्र में भगा मोहम्मद गंज पुल का संपर्क मार्ग भी कई स्थानोंं पर कटा था। माधोटांडा मार्ग पर अस्थायी मरम्मत कार्य कराया गया, पर लोग आज भी जोखिम के बीच आवागमन के लिए मजबूर हैं।
पुलों पर टूटी आफत
बरसात से पहले ही जिले के कलीनगर और अमरिया क्षेत्र में तीन महत्वपूर्ण पुल क्षतिग्रस्त हो गए। इसके बाद पुलों से आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया गया। इनमें सबसे पहले हरदोई ब्रांच नहर के डगा पुल में दरारें पड़ने से आवागमन बंद किया गया। इससे करीब 100 गांवों के लोगों की परेशानी बढ़ गई। इसी क्रम में करीब एक माह पहले कलीनगर पुल में भी दरारें पड़ने के बाद आवागमन बंद कर दिया गया। इससे माधोटांडा क्षेत्र के 100 से अधिक गांवों के लोगों को कलीनगर तहसील और जिला मुख्यालय आने के बाद लंबी दूरी तय करनी पड़ी।
देवहा बैगुल नहर का पुल भी क्षतिग्रस्त, जोखिम बरकरार
डगा और कलीनगर के बाद तीन दिन पूर्व अमरिया क्षेत्र में बरेली–हरिद्वार हाईवे से बड़ेपुरा गुरुद्वारा के पास से हर्रायपुर होकर तिरकुनिया नसीर जाने वाली सड़क के देवहा बैगुल फीडर नहर पर बने पुल की आधे से अधिक रेलिंग टूटकर नहर में गिर गई। पुल से आवागमन बंद कर दिया गया। फिलहाल करीब 50 हजार आबादी को आवागमन में दिक्कत आ रही है।़
बाढ़ की चुनौतियां बरकरार, परियोजनाएं अधूरी
शारदा नदी के किनारे बसे 50 से अधिक गांवों के लोगों के लिए बाढ़ की चुनौतियां सताने लगी हैं। पूर्व में शुरू किए गए बाढ़ नियंत्रण कार्य भी अधूरे हैं। इसमें चंदिया हजारा के अलावा नौजल्हा, गभिया सहराई, नगरिया खुर्द कला गांवों में कार्य पूरे न होने से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि बरसात शुरू होने के बाद कार्य अधूरे होने से स्थिति बिगड़ सकती है।
साइफन पुल का भाग कटने से फसलों के लिए सिंचाई का संकट
दो पुलों के क्षतिग्रस्त होने के बाद रविवार सुबह हरदोई ब्रांच की सहायक रजवाहा के साइफन पुल के आगे का भाग रिसाव के बाद कट गया। इससे कलीनगर और माधोटांडा क्षेत्र के 100 गांवों के किसान प्रभावित हुए। किसानों का कहना है कि धान की रोपाई के समय रजवाहा बंद होने से पानी का संकट पैदा हो गया है। इससे किसानों की जेब पर अतिरिक्त बोझ बढ़ जाएगा।
रजवाहा के क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत शुरू, डाली गई मिट्टी
कलीनगर। माधोटांडा रजवाहा में रिसाव होने के बाद कटे साइफन पुल के आगे के भाग की सिंचाई विभाग की ओर से मरम्मत शुरू करा दी गई है। रविवार शाम से ही मिट्टी का पटान करने के लिए ट्रैक्टर-ट्राॅली और जेसीबी मशीन से मिट्टी डलवाने का काम तेज किया गया है। पहले नहर में 30 फुट दायरे में हुए गड्ढे को भरा जाएगा। इसके बाद योजना के अनुसार आगे की प्रक्रिया पर अमल करने की बात कही जा रही है। कटान के बाद रजवाहा बंद होने से किसानों के सामने सिंचाई का संकट बना है। संवाद
माधोटांडा रजवाहा के साइफन को मजबूती देने के लिए पुल के दोनों ओर 100 मीटर के दायरे में पक्का निर्माण करना जरूरी है। नहर कटने से सिंचाई की परेशानी बढ़ गई है। - सरदार दीदार सिंह
नहरों के रखरखाव पर सिंचाई अभियंताओं को ध्यान देने की जरूरत है। इस समय पानी की जरूरत है। नहर बंद होने से बोआई के समय किसानों को परेशान होना पड़ रहा है। - हरि सिंह
कलीनगर और डगा पुल को सेतु निगम की ओर से कार्ययोजना में शामिल किया गया है। सेतु निगम द्वारा ही पुलों का निर्माण कराया जाएगा। इसको लेकर शासन स्तर पर पैरवी की जा रही है।
-राजीव कुमार, अधिशासी अभियंता हेडवर्क्स खंड
माधोटांडा रजवाहा के कटे भाग की शुरू कराई गई मरम्मत। संवाद
माधोटांडा रजवाहा के कटे भाग की शुरू कराई गई मरम्मत। संवाद
माधोटांडा रजवाहा के कटे भाग की शुरू कराई गई मरम्मत। संवाद
माधोटांडा रजवाहा के कटे भाग की शुरू कराई गई मरम्मत। संवाद