अमरिया। ड्यूनी डैम पुलिस चौकी से एक दिन पूर्व फरार शिकारी को 24 घंटे बाद पुलिस ने आखिरकार धर दबोचा। कैलाश नदी किनारे कच्चे रास्ते से उसकी गिरफ्तारी दिखाई गई। अब पुलिस ने शिकारी पर एफआईआर दर्ज कर उसका चालान कर दिया है। धरपकड़ के बाद लापरवाही में घिरे पुलिसकर्मियों ने भी राहत की सांस ली है।
एक सूचना पर दबिश देकर ड्यूनी डैम चौकी पुलिस ने शनिवार सुबह भूड़ा गांव निवासी शिकारी भूपाली को पकड़ा था। उसे चौकी पर बैठाकर वन विभाग की टीम के आने का इंतजार किया जा रहा था। इसी बीच नल पर पानी पीने का बहाना बनाकर शिकारी पुलिस चौकी से भाग गया था। इस मामले में चौकी पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लगा था। एसपी जयप्रकाश ने फरार शिकारी की धरपकड़ के सख्त निर्देश दिए। इसके बाद चौकी प्रभारी हरजीत सिंह टीम के साथ शिकारी की सुरागरसी में जुट गए थे।
पुलिस के मुताबिक रविवार सुबह पांच बजे सूचना मिली कि भूपाली गांव के बाहर कच्चे रास्ते पर कहीं जा रहा है। आनन-फानन में पुलिस ने दबिश दी और भूड़ा कैमोर गांव के पास कैलाश नदी से सटे कच्चे रास्ते पर शिकारी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक तमंचा और दो कारतूस भी मिले। बीते दिन पुलिस शिकारी से बरामद जंगली सुअर के मांस को लेकर कुछ स्पष्ट नहीं कर पा रही थी। मगर दूसरे दिन कार्रवाई के दौरान पांच किलो जंगली सुअर का मांस भी पुलिस ने शिकारी से बरामद दिखा दिया। हालांकि यह मांस पुलिस के पास ही था। एसओ उदयवीर सिंह ने बताया कि वन्यजीव संरक्षण अधिनियम और आर्म्स एक्ट के तहत दो एफआईआर दर्ज कर आरोपी का चालान कर दिया गया है।