जमीन के विवाद में दबंगों पर पुलिस की मौजूदगी में हमला करने का आरोप
पीड़ित की शिकायत पर एएसपी ने सीओ बीसलपुर को दिए जांच के निर्देश
पूर्व महिला जिला पंचायत सदस्य ने दबंगों पर पुलिस की मदद से प्लाट पर कब्जा करने की कोशिश का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि विरोध करने पर दबंगों ने मारपीट की और कपड़े फाड़ दिए। महिला ने एएसपी से शिकायत कर दोषी पुलिसकर्मियों और अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायती पत्र की प्रति डीजीपी और डीआईजी को भी भेजी गई है।
बीसलुपर कोतवाली क्षेत्र की एक पूर्व जिला पंचायत सदस्य ने एएसपी को दिए पत्र में कहा है कि थाना क्षेत्र के ही कुछ युवकों से उसका जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। आरोप है कि आए दिन बीसलपुर कोतवाली प्रभारी उसे धमकियां देकर समझौते का दबाव बनाते हैं। 24 जुलाई को बीसलपुर पुलिस के साथ दबंग विवादित जमीन पर कब्जा करने पहुंचे। उन्होंने पुलिस की शह पर निर्माण कराना शुरू कर दिया। जबकि कोर्ट से यथास्थिति बनाए रखने का आदेश है। पूर्व जिला पंचायत सदस्य का कहना है कि सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंची और निर्माण का विरोध किया तो दबंगों ने उनकी पिटाई कर दी। कपड़े भी फाड़ दिए। बाद में पुलिस ने उल्टे उनके खिलाफ ही मुकदमा दर्ज कर लिया। एएसपी विकास कुमार वैद्य ने सीओ बीसलपुर को मामले की जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।