थाना बरखेड़ा के गांव अलगनाथ निवासी ठाकुरदास ने शराब के नशे में घर में रखा मिट्टी का तेल अपने ऊपर छिड़क लिया और आग लगा ली। चीखने-चिल्लाने पर पड़ोस के घर में बैठी पत्नी शकुंतला और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे किसी तरह से बचाया। झुलसे युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गांव अलगनाथ निवासी 17 वर्षीय अजयपाल ने बताया कि उसके पिता ठाकुरदास नशे के आदी हैं। शुक्रवार की सुबह वह दुकान पर सामान लेने गया था, जबकि छोटा भाई सुनील खेत पर गया था। मां शकुंतला देवी पड़ोस में किसी काम से गईं थी। सुबह करीब नौ बजे पिता शराब के नशे में घर आए और गालियां बकने लगे। पिता की आवाज सुनकर जब तक मां शकुंतला देवी मौके पर पहुंचती। इससे पहले ही पिता ने घर में रखा मिट्टी का तेल अपने ऊपर डाल लिया और आग लगा ली। यह देख मां और आग की लपटों से घिरे पिता चीखने-चिल्लाने लगे।
शोरशाराबा होने पर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और किसी तरह से बोरा आदि पिता पर डालकर बचाया। घर वालों ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। डॉक्टर के मुताबिक ठाकुरदास 65 प्रतिशत झुलस गया है।