लहूलुहान हालत में टनकपुर हाईवे पर छोड़ गए आरोपी
पति ने चार लोगों पर कोतवाली में दर्ज कराई नामजद रिपोर्ट
उर्स में खरीदारी कर ई-रिक्शा से घर लौट रही महिला को सोमवार रात चार युवकों ने डरा धमकाकर जेवरात लूट लिए। विरोध करने पर महिला को चाकू मारकर घायल करने के बाद टनकपुर हाईवे पर फेंककर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने महिला को भर्ती जिला अस्पताल भर्ती कराया। कोतवाली में तहरीर देकर पति ने मामले में चार युवकों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया है।
मोहल्ला पंजाबियान के रहने वाले जहीर मियां ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सोमवार शाम को उसकी पत्नी फरहाना मोहल्ला भूरे खां में आयोजित उर्स-ए-हशमती-मुशाहिदी में लगी दुकानों पर खरीदारी करने गई थी। वहां से वापस आते वक्त वह एक ई-रिक्शा पर सवार हुई। कुछ दूर पहुंचने के बाद टमटम में चार युवक सवार हो गए, जिनको महिला पहले से पहचानती थी। आरोप है कि खकरा पुल के दूसरी ओर ले जाकर महिला को डरा धमकाकर आरोपियों ने दो सोने की चेन, दो अंगूठी, दो कड़े, बुंदे लूट लिये। इसका विरोध करने पर महिला के पेट में चाकू मारकर घायल कर दिया और टनकपुर हाईवे पर बेनहर कॉलेज चौराहा के पास सड़क पर फेंक गए। राहगीरों से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला से जानकारी जुटाने लगी। इस बीच काफी देर बाद भी महिला के वापस न आने पर उसकी तलाश कर रहे परिवार वाले भी आ गए। घायल महिला को जिला अस्पताल ले जाकर इलाज कराया गया। इसके बाद परिवार वाले घर ले आए। पति ने महिला से बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी जुटाई। इसके बाद नामजद तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की। कोतवाल एसके सिंह ने बताया कि पति की तहरीर पर महिला को अपहरण कर लूटने और जानलेवा हमला करने का चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इसमें पंजाबियान निवासी अली मुर्तजा, नौशाद अंसारी, अरमान और गफ्फार खां सब्जी मंडी निवासी फिरासत अंसारी को नामजद किया है। आरोपियों से किसी तरह की रंजिश से पीड़ित पक्ष इनकार कर रहा है, मामले की जांच कराई जा रही है।