कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की पूर्व महिला प्रधान एवं बसपा कार्यकत्री ने प्रभारी कोतवाल केपी सिंह यादव पर घर में घुस कर छेड़छाड़ करने, जाति सूचक अपशब्द कहने और विरोध करने पर उसके दो पुत्रों और दो देवरों को उठा ले जाने का आरोप लगाया है। महिला ने एसपी से कार्रवाई की मांग करते हुए उन्हें बताया कि आरोपी कोतवाल ने फर्जी मुठभेड़ दिखाकर उसके बेटों और देवरों को जेल भेज दिया।
पीड़ित महिला मंगलवार को एसपी से मिली और कहा कि वह गांव की प्रधान रह चुकी है तथा बसपा की सदस्य हैं। काफी समय से प्रभारी कोतवाल उस पर सपा में शामिल होने का दबाव बना रहे थे और बात न मानने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दे रहे थे। 30 जनवरी की रात करीब 12 बजे प्रभारी कोतवाल पुलिस फोर्स के साथ उसके घर में घुस आए और जातिसूचक शब्द कहते हुए उसके साथ अश्लील हरकतें शुरू कर दीं। पुलिस ने महिला के बेटे राजीव कुमार, आदेश कुमार और देवर दीनदयाल तथा गौरव कुमार को पकड़ लिया। पुलिस ने इन सभी को साथ ले गई। रविवार की रात में मुठभेड़ दिखाकर चारों के पास असलहे दिखाते हुए सोमवार को चालान कर दिया। एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी जांच शिकायत प्रकोष्ठ को सौंपी है।
इसी के साथ बीसलपुर कोतावली पुलिस जिन दो सगे भाइयों समेत पकड़े गए एक परिवार के दलित चार युवकों को शेरगंज तिराहे के पास से एक मुठभेड़ के दौरान पकड़े जाने के दावे पर सवालिया निशान लग गया है। चारों आरोपियों के घर और आसपास के लोग भी उन्हें घर से पकड़ कर ले जाने की बात कह रहे हैं। इनमें से दो आरोपियों का कोई अपराधिक इतिहास न होने और पूर्व प्रधान के पुत्र और देवर होने के कारण पुलिस का यह गुडवर्क सवालों के घेरे में आ गया है। प्रभारी कोतवाल केपी सिंह यादव ने बताया कि चुर्रासकतपुर चौकी पुलिस ने आरोपियों को पकड़ा था। महिला जिस दिन घर में घुसकर छेड़छाड़ का आरोप लगा रही है, उस दिन वह बीमार एचसीपी को बरेली स्थित राममूर्ति स्मारक मेडिकल कॉलेज लेकर गए थे। आरोपियों पर वर्ष 2011 में बलवा करने का मामला भी दर्ज है।
एक आरोपी बीपीएड का छात्र तो दूसरा सफाई कर्मी
पुलिस जिन चारों युवकों को बदमाश बताकर मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर चालान किया हैं, उनमें से आदेश कुमार बीपीएड का छात्र है, जबकि राजीव गांव कनपरा में सफाई कर्मचारी है। पुलिस की इस कार्रवाई से लोगों में रोष है।
वर्जन......
पूर्व महिला प्रधान की शिकायत मिली है। मामले की जांच शिकायत प्रकोष्ठ से कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे कार्रवाई की जाएगी।
अनिल कुमार सिंह, एसपी