मायके पक्ष से एक लाख रुपये न दिलवाए जाने से क्षुब्ध होकर गांव महुआ के
एक युवक ने अपने तीन भाइयों की मदद से अपनी पत्नी को गुरुवार की सुबह गोली
मारकर हत्या कर दी।
पुलिस ने इस संबंध में चार लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट
दर्ज कर ली है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव गोबल निवासी हरीश बाबू गंगवार
ने बताया कि उन्होंने अपनी बहन शकुंतला का विवाह वर्ष 2008 में कोतवाली
क्षेत्र के ही गांव महुआ निवासी रामऔतार गंगवार से किया था।
रामऔतार पिछले
एक पखवाड़े से पत्नी पर मकान बनवाने के लिए मायके वालों से एक लाख रुपये
दिलाने की जिद पर अड़ा हुआ था।
शकुंतला ने भैया दूज पर मायके पहुंचकर
अपने भाइयों को यह बात बताई थी। भाइयों ने खराब आर्थिक स्थिति का हवाला
देते हुए एक लाख रुपये देने में असमर्थता जता दी थी। उसके बाद रामऔतार
शकुंतला से और चिढ़ने लगा था।
आरोप है कि रामऔतार ने बृहस्पतिवार को सुबह
लगभग सात बजे अपने तीन अन्य भाइयों की मदद से अपनी पत्नी के सीने में तमंचे
से गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या करने के बाद
आरोपी भाग गए। गांव वालों से मिली सूचना के आधार पर मायके वाले दोपहर मौके
पर पहुंचे, जहां शकुंतला मृत अवस्था में मिली।
थाना प्रभारी केपी सिंह
ने बताया कि हरीश बाबू की तहरीर पर गांव महुआ निवासी रामऔतार, उसके भाइयों
नरेश, झनकार और बाटू के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
सीओ
सुवेग सिंह सिद्धू ने थाना प्रभारी के साथ मौका मुआयना कर लिया है। पुलिस
ने शव सील कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।