- शव के चेहरे पर चोट के निशान से हत्या की आशंका
- पुलिस ने शव कब्जे में लेकर शुरू की छानबीन
देवहा नदी के किनारे कूड़े के ढेर में करीब 65 वर्षीय एक अज्ञात महिला का शव पड़ा मिला है। शव के चेहरे पर चोट के निशान हैं। इससे उसकी हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है।
सोमवार देर शाम देवहा नदी के पास की कालोनी के दो युवक शौच के लिए नदी किनारे लगे कूड़े के ढेर की ओर गए थे। जहां उन्हें एक महिला का शव पड़ा दिखा, जिससे उनके होश फाख्ता हो गए। धीरे-धीरे ये बात आसपास की कालोनी के तमाम लोगों तक पहुंच गई। शव को देखने लोगों की भीड़ जमा होने लगी। इसी बीच किसी ने घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। सूचना पर शहर कोतवाल भरत कुमार गौतम फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। काफी देर की तलाश के बाद महिला के शव तक पहुंचने में पुलिस सफल हो गई। कोतवाल ने शव कब्जे में लेकर अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। चेहरे पर घाव के निशान से पुलिस भी वृद्धा की हत्या कर शव फेंकने की घटना से इंकार नहीं कर रही है। कोतवाल भरत कुमार गौतम ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। जिसके बाद मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। छानबीन की जा रही है, शिनाख्त कर स्थिति स्पष्ट कर दी जाएगी।