फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पीलीभीत: मतदाता सूची में किसी का नाम गलत तो किसी का गायब, विशेष अभियान में सामने आईं तमाम खामियां

Sun, 18 Oct 2026 03:16 PM IST
Mukesh Kumar संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत

सार

पीलीभीत जिले में शनिवार को विशेष मतदाता पंजीकरण के पहले शिविर में मतदाता सूची में भारी गड़बड़ियां सामने आईं। नाम और पते की गलतियों के साथ कई जगह मतदाताओं के नाम गायब मिले। महिलाओं को पति के नाम होने से परेशानी हुई। 

विज्ञापन
डीएम ने बूथों का किया निरीक्षण - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पीलीभीत जिले में विशेष मतदाता पंजीकरण के लिए शनिवार को बूथों पर लगाए गए पहले शिविर में मतदाता सूची में काफी गड़बड़ियां सामने आईं। कहीं मतदाता के नाम और पते में गलतियां मिलीं तो कहीं पति का नाम गलत दर्ज होने से महिलाएं परेशान नजर आईं। कई जगह सूची से ही मतदाताओं के नाम गायब मिले।

विज्ञापन


शहर के अशरफ खां क्षेत्र के तीन बूथों पर करीब 30 लोग संशोधन कराने के लिए पहुंचे। वहीं, कई बूथों पर नए मतदाता बनाने के लिए आवेदन भी किए गए। दूसरी तरफ, बीसलपुर में अभियान की शुरुआत सुस्त रही। कहीं दोपहर तक एक भी मतदाता नहीं पहुंचा तो कहीं इक्का-दुक्का लोग ही वोट बनवाने आए। संवाद न्यूज एजेंसी की टीम की पड़ताल में यह स्थिति सामने आई। मतदाताओं के कम संख्या में पहुंचने पर अधिकारियों ने 24 अक्तूबर को लगने वाले दूसरे कैंप से पहले जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए।

सूची में पति का नाम गलत, महिला परेशान 
अशरफ खां स्थित कैंप में बूथ संख्या 308, 309 और 310 के बीएलओ मौजूद रहे। तीनों बूथों पर पहले दिन करीब 10-10 लोग सूची में गलतियां लेकर पहुंचे। इनमें ज्यादातर महिलाएं थीं। महिलाओं ने बताया कि मतदाता सूची में पति का नाम गलत लिखे होने से उन्हें परेशानी हो रही है। बीएलओ शगुफ्ता ने बताया कि ऑनलाइन सूची और निर्वाचन कार्यालय से मिली सूची के मिलान से पहले ही त्रुटियों के 113 मामले सामने आ चुके हैं। बूथ संख्या 309 की बीएलओ रमिता ने ऐसे 103 और बूथ संख्या 310 के बीएलओ अजय कुमार ने 70 मामले बताए।
विज्ञापन


बीएलओ ने बताया कि निर्धारित प्रक्रिया के तहत संशोधन किया जाएगा। आवेदनों के निस्तारण के बाद करीब एक सप्ताह में गलतियां सुधरने की उम्मीद है। इसी क्षेत्र के रहने वाले अधिवक्ता फैजान अली खां का कहना है कि उन्होंने पूर्व में नाम संशोधन के लिए फॉर्म-8 ऑनलाइन फीड किया, लेकिन सुधार नहीं हो सका है। 

Trending Videos

शनिवार को शिविर में पहुंचकर जानकारी की। इस दौरान एप में उनका संशोधन फार्म पूर्व से ही लंबित दिखा। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि इसके बावजूद ईआरओ की आईडी पर प्रदर्शित उनके संशोधन फार्म को दरकिनार कर उनके और पिता के नामों को गलत तरीके से बदला दिया गया है। उन्होंने समस्या के बारे में डीएम को भी अवगत कराया है।

सूची में नाम-पते का मिलान, नए वोट के लिए भी आवेदन 
दियोरिया कलां क्षेत्र में मतदाताओं ने अपने बूथों पर पहुंचकर सूची में दर्ज नाम, पते और अन्य विवरणों की जांच की। मकरंदपुर रोशन सिंह निवासी कंधई लाल ने अपने पुत्र शिवम का नया वोट बनवाने के लिए दस्तावेज प्रस्तुत कर आवेदन किया। बीएलओ शिवकुमार के अनुसार, नंदराम, ओमप्रकाश, रामबेटी और प्रेमवती समेत कई मतदाताओं ने सूची में दर्ज अपने विवरणों की जांच कराई।

कहीं सन्नाटा, कहीं नए वोट बनवाने पहुंचे लोग
बीसलपुर में पहले विशेष कैंप दिवस पर मतदाताओं की कम मौजूदगी ने अभियान के प्रचार-प्रसार पर सवाल खड़े किए। नगर के कृषि कार्यालय परिसर में बनाए गए बूथ पर दोपहर 12 बजे तक एक भी मतदाता वोट बनवाने नहीं पहुंचा। परिषदीय उच्च प्राथमिक विद्यालय स्थित बूथ पर दोपहर एक बजे तक केवल एक व्यक्ति ने नए मतदाता के रूप में पंजीकरण कराने के लिए आवेदन किया। 

एसडीएम नागेंद्र पांडेय ने जादवपुर नाथ, कस्बा बिलसंडा और पहाड़गंज के बूथों का औचक निरीक्षण किया। तीनों स्थानों पर बीएलओ मौजूद मिले, लेकिन मतदाता नहीं पहुंचे। इस पर एसडीएम ने अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए, ताकि पात्र लोग बूथों तक पहुंचकर अपने वोट बनवा सकें। 
 

पूरनपुर में बीएलओ ने विशेष मतदाता पंजीकरण कैंप में मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मतदाताओं को सूची पढ़कर सुनाई। नए मतदाताओं को प्रारूप छह फॉर्म भरकर दावे और आपत्तियां ली। एसडीएम मयंक गोस्वामी गांव खमरिया पट्टी, चांटफिरोजपुर, नगर के पब्लिक इंटर कॉलेज, प्राथमिक स्कूल, गांधी पार्क के बूथों का निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ को निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार कार्य करने के निर्देश दिए। अभियान के दौरान नए मतदाताओं के नामों को सूची में शामिल कराने, प्रविष्टियों में संशोधन पर जोर दिया। 

62 नए मतदाताओं ने किए आवेदन
नगर पंचायत न्यूरिया में लगे शिविरों में 62 नए मतदाताओं ने आवेदन किए। ये शिविर नगर के कंपोजिट विद्यालय और जूनियर कन्या हाईस्कूल समेत पांच मतदेय स्थलों पर लगे थे। एक जनवरी 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं को मौका मिला। एसआईआर के दौरान छूटे पात्र नागरिकों से भी आवेदन लिए गए। बीएलओ अशोक कुमार ने बताया कि नए मतदाताओं के लिए फॉर्म-6 के 62 आवेदन प्राप्त हुए। मृत्यु के बाद नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 के नौ आवेदन आए। 

पहले दिन जमा किए 20 फॉर्म 
चुर्रासकतपुर परिषदीय उच्च प्राथमिक विद्यालय स्थित बूथ संख्या 33 और 34 पर भी मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया चली। बूथ प्रभारी गुलफाम और सर्वेश कुमारी के अनुसार, अब तक 20 फॉर्म जमा किए गए हैं, जबकि 10 फॉर्म ऑनलाइन किए गए हैं। बूथ पर पात्र लोगों को नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी देकर आवेदन के लिए प्रेरित किया गया।

नए वोट बनवाने पहुंचे अधिक लोग
बरखेड़ा नगर के जनता इंटर कालेज में विशेष शिविर लगा। इसमें नाम संशोधन के लिए तीन फाॅर्म भरे गए। जबकि नए वोट बनने के लिए 45 फाॅर्म भरकर आनलाइन किए गए।  
विज्ञापन

पुत्र को प्रथम बार मतदाता बनवाने के लिए आए हैं। जानकारी करने के बाद आवेदन किया गया है। - बिजेंद्र मिश्र, बरखेड़ा
पुत्र का नाम दूसरी लिस्ट में दर्ज हो गया था, उसका संशोधन कराने आया हूं। जानकारी जुटाकर फाॅर्म भरकर दिया है। - राजेंद्र प्रसाद, बरखेड़ा
पत्नी के नाम के आगे पति का नाम किसी अन्य का दर्ज हो गया है। इससे परेशानी हो रही है। इसमें सुधार के लिए आए हैं। - वाहिद, अशरफ खां
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें