डजन डर्टी अभियान में जिले के 12 शातिर अपराधियों को सूचीबद्ध करने के बाद धरपकड़ में जुटी सुनगढ़ी पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। सुनगढ़ी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर शातिर बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से एक किलोग्राम चरस भी बरामद हुआ है।
डीजीपी के निर्देश पर पूरे प्रदेश में डजन डर्टी अभियान चलाया जा रह है। इसमें जिले के 12 शातिर अपराधियों की सूचीबद्ध किया गया है। पुलिस इनमें से छह अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। बकाया की तलाश में पुलिस की दबिशें जारी हैं। इसी क्रम में शनिवार को सुनगढ़ी पुलिस को सफलता मिली। इंस्पेक्टर अतुल प्रधान को सूचना मिली कि डजन डर्टी सूची में शामिल बदमाश मोहल्ला नखासा निवासी टिंकू वाल्मीकि बिजली घर तिराहे पर खड़ा है। इस पर पुलिस की एक टीम ने एसआई देवेंद्र सिंह की अगुवाई में घेराबंदी करके उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक किलोग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।