बरेली हाईवे पर देवहा पुल के पास बने स्वागत द्वार के पोल से अनियंत्रित बाइक टकरा गई। इससे बाइक सवार 28 वर्षीय धमेंद्र गंगवार की मौत हो गई। शव को बिना पोस्टमार्टम कराए पुलिस ने परिवारीजनों की सुपुर्दगी में दे दिया।
सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के रामवाटिका कालोनी निवासी रिटायर्ड तहसीलदार वीडी गंगवार के तीन बेटे है। सबसे छोटा बेटा धर्मेंद्र गंगवार (28) रविवार सुबह बाइक में पेट्रोल डलवाने गया था। बरेली हाईवे पर देवहा पुल के पास पेट्रोल डलवाकर वापस आते वक्त बाइक अनियंत्रित होकर स्वागत द्वार के लोहे के पोल से टकरा गई। इसमें बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों से सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से घायल को जिला अस्पताल भेजवाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। कुछ ही देर में परिवार वाले जिला अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने बताया कि उसके दो बड़े भाई शैलेंद्र व महेंद्र है। इंस्पेक्टर सुनगढ़ी हरगोविंद सिंह ने बताया कि परिवारीजनों के कार्रवाई से इनकार करने पर शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया है। पंचनामा भरकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।