जिले में चोरियों का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार की रात चोरों ने मोहल्ला डालचंद स्थित एक साइकिल की दुकान और पड़ोस में स्थित उसके गोदाम का ताला तोड़ कर दो लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया। इसके अलावा एक धान खरीद एजेंसी के शहर निवासी जिला प्रबंधक रामवृक्ष तिवारी के साथ तीन बदमाशों ने लूटपाट करने की कोशिश की। स्टेशन रोड पर भी एक दुकान का ताला तोड़कर चोरी करने का प्रयास किया गया।
शहर कोतवाली के मोहल्ला डालचंद निवासी मोहम्मद जीशान की मोहल्ले में ही साइकिल की दुकान है। दुकान के पास उसका गोदाम भी है। रविवार की रात चोरों ने दुकान और गोदाम का ताला तोड़ दिया। बताया कि चोर गोदाम और दुकान में रखे टायर, ट्यूब, साइकिलों समेत करीब दो लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए। सुबह जब वह दुकान पहुंचे तो ताले टूटे देखकर उनके होश उड़ गए।
दुकान के अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। सूचना पर पहुंची शहर कोतवाली पुलिस ने जांच की। दुकान स्वामी ने मामले की तहरीर पुलिस को दी है। लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। शहर कोतवाल ने बताया कि घटना की जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
उधर थाना सुनगढ़ी क्षेत्र में स्टेशन रोड पर स्थित मोहल्ला सुनगढ़ी निवासी सौरभ अग्रवाल की इलेक्ट्रिक दुकान का कुछ कार सवार चोरों ने ताला तोड़ने का प्रयास किया। सुबह जब वह दुकान पहुंचे तो ताले क्षतिग्रस्त देख उन्हें मामले की जानकारी हुई। उन्होंने दुकान में लगे सीसीटीव कैमरे की फुटेज खंगाली तो उसमें चार युवक और कार की फोटो देखा। उन्होंने घटना की तहरीर सुनगढ़ी पुलिस को दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
धान खरीद एजेंसी के जिला प्रबंधक से लूट का प्रयास
पीलीभीत। एक प्राइवेट धान खरीद एजेंसी के जिला प्रबंधक रामवृक्ष तिवारी ने बताया कि वह नौगवां रेलवे क्रासिंग के पास एक मकान में परिवार समेत रहते हैं। रविवार को पूरनपुर गए थे। पूरनपुर से देर शाम 10 बजे आसाम चौराहा पर बस से उतरे और पैदल घर जा रहे थे। मंडी समिति गेट के कुछ दूर आगे तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया और खींचकर सूनसान गली में ले जाने लगे। शोर करने पर चाकू निकालकर लूटपाट करने लगे।
इसी बीच कुछ लोगों को आता देख बदमाश भाग निकले। उन्होंने घटना की सूचना सुनगढ़ी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की सुरागरसी की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। उन्होंने घटना की तहरीर पुलिस को दी है। इंस्पेक्टर बृजेश सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।