एसपी के आदेश को दरकिनार करना जिले के दो थाना प्रभारियों को महंगा पड़ गया। चेतावनी के बाद भी सुधार न होने पर एसपी ने दोनों को निलंबित कर दिया। देर शाम हुई कार्रवाई का पता लगते ही महकमें में हड़कंप मच गया है।
पिछले दिनों जिले के थानों में मरम्मत कार्य कराया गया था। जिसके बिल थाना प्रभारियों से मांगे गए थे। कई बार कहने के बाद भी जहानाबाद इंस्पेक्टर राकेश सिंह व दियोरियाकलां कोतवाल शैलेंद्र सिंह ने बिल नहीं दिए। एक दिन पूर्व क्राइम मीटिंग के दौरान भी दोनों थाना प्रभारियों से एसपी ने बिल मांगे, लेकिन इस बार भी दोनों ने कप्तान के आदेश को अनसुना कर दिया। शनिवार देर शाम आदेश की अवहेलना करने पर एसपी देवरंजन वर्मा ने जहानाबाद व दियोरियाकलां थानाध्यक्ष को निलंबित कर दिया है। इनके स्थान पर अभी किसी की तैनाती नहीं की गई है।