इनकार करने पर रिश्तेदारों को भेजे अश्लील फोटो और वीडियो
पुलिस ने पिता से तहरीर मिलने पर दर्ज की नामजद रिपोर्ट
कक्षा ग्यारह की छात्रा को उसकी अश्लील तस्वीरें इंटरनेट पर वायरल करने का डर दिखाकर एक युवक ने उससे शारीरिक संबंध बनाए और ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। छात्रा के मना करने पर आरोपी ने उसके रिश्तेदारों को अश्लील क्लिप और वीडियो भेज दिए। परेशान छात्रा ने जब घरवालों को बताया तो पिता ने आरोपी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज करा दिया।
जहानाबाद क्षेत्र के एक किसान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी नाबालिग बेटी इंटर कॉलेज में कक्षा 11 की छात्रा है। पिछले कई दिनों से गांव का मनोज कुमार उसे परेशान कर रहा था। उसे रास्ते में रोक कर छेड़छाड़ करता था। आरोपी ने इस दौरान छात्रा के कुछ फोटो खींच लिए और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर छात्रा से कई बार अवैध संबंध बनाए। छात्रा ने डर की वजह से परिवारवालों को कुछ नहीं बताया। आरोपी के न मानने पर छात्रा ने विरोध करना शुरू कर दिया। इसके बाद आरोप है कि छात्रा पर दबाव बनाने के लिए आरोपी ने उसके अश्लील फोटो और वीडियो क्लिप को कुछ रिश्तेदारों के मोबाइल पर भेज दिया। इसकी जानकारी मिलने पर छात्रा ने परिवारवालों को आपबीती सुनाई। इसके बाद पिता ने आरोपी के खिलाफ रविवार को नामजद तहरीर पुलिस को दी। देर शाम पुलिस ने तहरीर के आधार पर कानूनी कार्रवाई की है। एसएचओ किरनपाल सिंह ने बताया कि आरोपी मनोज के खिलाफ दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग, आईटी एक्ट, पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।