सुबह उठने पर परिवार वालों को हुई घटना की जानकारी
ग्राम पंचायत जटपुरा की प्रधान मंजू देवी के घर दीवार के सहारे घुसे चोरों ने प्रधान और उनके जेठ के कमरों और उनमें रखी अलमारियों के ताले तोड़कर करीब 25 तोला सोने और चांदी के सिक्के, जेवरात, दो लाख रुपये आदि उठा ले गए। सूचना पर सीओ बीपी सिंह ने घटना स्थल का निरीक्षण किया।
घटना की जानकारी प्रधान के परिवार वालों को सुबह साढ़े पांच बजे हुई। प्रधान पति/पूर्व प्रधान विपिन सिंह ने बताया कि सुबह भाई हरिओम सिंह के पुत्र पीयूष सिंह ने सुबह कमरे खुले होने पर अपनी मां से शाम को ताले न डालने की जानकारी की। तब कमरे खुले देखकर चोरी की जानकारी हुई। उन्होंने बताया कि परिवार के सभी सदस्य घर के आंगन में सोए थे। दीवार के सहारे घर की दूसरी मंजिल पर पहुंचे चोरों ने कमरे का ताला तोड़कर जबकि भाई हरिओम सिंह के कमरे का कुंडा तोड़कर कमरों में प्रवेश किया। चोरों ने कमरों में रखी आलमारी और उसके लॉकर, बक्शा का ताला तोड़कर दस सोने की मोहरे, आठ सोने के कंगन, दो सोने की चैन, छह अंगूठी, चार जोड़ी झुमके, दो सोने के हार, पंद्रह चांदी के सिक्के, चार जोड़ी चांदी की पायल और दो लाख रुपये चोरी कर लिए। प्रधान के घर हुई चोरी की जानकारी पर गांव के लोग उनके घर पहुंचे। सूचना पर सीओ बीपी सिंह, एसएसआई एमएस विष्ट भी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। प्रधान पति ने घटना की सूचना सुबह ही कोतवाली पुलिस को दे दी थी, लेकिन पुलिस ने घटना की रिपोर्ट देर साम तक दर्ज नहीं की थी।