अपहृत कर कार में गैंगरेप करने का आरोप लगाने वाली उत्तराखंड की युवती अब पुलिस कस्टडी में अपनी बातों से मुकर गई है। उसका कहना है कि प्रेमी अपने दो सालों को फंसाना चाहता था, जिस कारण वह उसे अपना घर दिखाने के बहाने मां के साथ कार में बैठाकर पीलीभीत लाया और रास्ते में झूठा गैंगरेप का आरोप न लगाने पर शादी न करने और जान से मार देने की धमकी दी। मजबूर होकर उसने गैंगरेप का झूठा आरोप लगाया था। एसपी ने युवती, उसकी मां और प्रेमी के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।
मंगलवार को खटीमा (उत्तराखंड) की एक युवती अपनी मां के साथ एसपी से मिली थी। उसने आरोप लगाया था कि सोमवार की शाम खटीमा निवासी दो सगे भाई जान पहचान बताकर उसे नौगवां चौराहा से कार में बैठाकर न्यूरिया थाना क्षेत्र में ले गए, जहां उसके साथ गैंगरेप किया था। एसपी ने एसओ को रिपोर्ट दर्ज कर जांच के आदेश दिए थे। युवती के थाने पहुंचने पर पुलिस की टीम जब खटीमा आरोपियों के घर पहुंची तो हकीकत सामने आ गई। जिस पर पुलिस ने पीड़िता और उसकी मां को सीओ के सामने पेश किया।
पीड़िता ने सीओ को बताया कि उसकी शादी तीन साल पहले हुई थी। वह पति के साथ नोएडा में रहती थी। साल भर पहले दोनों के बीच तलाक हो गया था। पीलीभीत निवासी अभिषेक शर्मा उर्फ राजू का उसके घर आना-जाना था। अभिषेक ने शादी का झांसा देकर संबंध बना लिए थे। उसने बताया कि मंगलवार की सुबह करीब 8.30 बजे राजू उसके घर पहुंचा और पीलीभीत में स्थित अपना मकान दिखाने के बहाने उसे और उसकी मां कार से पीलीभीत ले आया। युवती ने आरोप लगाया कि मझोला के पास आरोपी ने उससे साफ तौर पर कहा कि जो वह कहेगा उसे करना होगा। ऐसा न करने पर वह उससे शादी नहीं करेगा और तमंचा दिखाते हुए उसे जान से मारने की भी धमकी दी।
युवती के मुताबिक सुबह करीब 12.30 बजे वह कचहरी पहुंची। जहां पर एक वकील और प्रेमी राजू ने उसे तहरीर दी और एसपी के सामने पेश कर आरोप लगाने को कहा। इस पर उसने दोनों आरोपियों पर आरोप लगाए थे। सीओ निर्मल कुमार बिष्ट ने बताया कि जांच में पाया गया कि अभिषेक ने दूसरी बिरादरी की एक महिला से शादी की थी। ससुर को अपने पक्ष में कर अभिषेक ने ससुराल की संपत्ति चुपके से अपने नाम कराकर बेच दी थी, जिसकी रिपोर्ट थाना खटीमा पर दर्ज हुई है।
अभिषेक अपने सालों पर मुकदमा वापस करने का दबाव बना रहा था। चार दिन पहले भी खटीमा जाकर उसने मुकदमा वापस न लेने पर जेल में जिंदगी बिताने की धमकी दी थी। सीओ ने बताया कि आरोपी अभिषेक उर्फ राजू की तलाश की जा रही है। गैंगरेप का आरोप लगाने वाली युवती, उसकी मां सहित तीनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
थाने पर अभिषेक की कार
में बैठने से हुआ था शक
एसपी जवाहर ने युवती को उसकी मां के साथ थाना न्यूरिया भेजा था। न्यूरिया थाने पर युवती और उसकी मां थाने पर बैठी थीं। इसी बीच दोनों थाने के बाहर खड़ी राजू की कार में बैठकर गुफ्तगू करने लगीं। जब पुलिस की नजर कार पर पड़ी तो उसे शक हो गया। हालांकि कुछ देर तक बात करने के बाद राजू वहां से खिसक गया।
एक आरोपी रुड़की में जीटीआई का है छात्र
खटीमा निवासी जिन दो सगे भाइयों पर गैंगरेप का आरोप युवती ने मंगलवार को लगाया था उनमें से छोटा भाई रुड़की में जीटीआई का छात्र है। वह वहीं रहकर पढ़ाई करता है। मामले की जांच कर रहे दरोगा अशोक कुमार शर्मा ने बताया कि दूसरा आरोपी मोहल्ले में ही रखे अपने परचून के खोखे पर बैठता है। आरोपियों के पास कार भी नहीं है और न ही वह कार चलाना जानते हैं। पुलिस ने जब आरोपी से पूछताछ की तो मामले की कलई परत दर परत खुलती गई।