छोटा खुदागंज में खेत में जानवर घुसने की बात पर हुआ विवाद
कोतवाली पुलिस ने दर्ज की क्रास रिपोर्ट, कराया मेडिकल
खेत में जानवर घुसने की बात पर मोहल्ला छोटा खुदागंज में दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। लाठी डंडों से एक दूसरे पर वार किए गए। जिसमें दोनों पक्षों के पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों का मेडिकल कराकर मामले की क्रास रिपोर्ट दर्ज की है।
मोहल्ला छोटा खुदागंज निवासी भूपराम का मकान के पास में ही खेत है। जिस पर धान सुखाए जा रहे थे। इस बीच शेरों वाली मठिया के रहने वाले विद्याराम के जानवर खेत में घुस आए। इसका विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बन गई। दोनों ओर से जमा लोगों ने एक दूसरे पर लाठी डंडे से हमला बोल दिया। दोनो पक्षों में जमकर मारपीट की गई। जिसमें एक पक्ष से भूपराम, उसकी पत्नी शांति, पुत्र रामभरोसे और दूसरी ओर से विद्याराम व पुत्र भूरा घायल हो गए। शोर सुनकर पहुंचे आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंच बीच बचाव कराया। जिसके बाद दोनों पक्ष कोतवाली पहुंचे। एक दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई। कोतवाल इंद्र सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से क्रास रिपोर्ट दर्ज की गई है। घायलों का मेडिकल कराकर मामले की जांच की जा रही है।