गांव परैवावैश्य निवासी बाबू कुरैशी के घर में पुलिस बताकर घुसे करीब 20 बदमाशों ने असलहों के बल पर घर वालों को बंधक बना लिया और उनकी पिटाई की। बदमाशों ने कमरा न खोलने पर पेट्रोल डालकर आग लगाने की धमकी दी। कमरा खुलने पर सो रहे दो वर्षीय सैफ की गर्दन पर बदमाशों ने चाकू रख दिया और उसके पिता हनीफ के चेहरे पर तमंचे की बट मार दी। पुलिस चौकी से 50 मीटर की दूरी पर बदमाश पौन घंटे तक लूटपाट करते रहे, लेकिन पुलिस को भनक नहीं लगी। बदमाश दो लाख आठ हजार की नगदी व 20 तोला सोना लूट ले गए। सीओ ने मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का निरीक्षण किया।
गांव परेवावैश्य निवासी बाबू कुरैशी का मकान पुलिस चौकी से करीब 500 मीटर दूर है। मेन दरवाजे की दीवार नीची होने का फायदा उठाते हुए बदमाश सोमवार की रात करीब 12 बजे उनके घर घुस गए और जग रहे बाबू कुरैशी के पास पहुंचे और कहा कि वह लोग पुलिस वाले हैं। घर में मौजूद लोगों का वेरीफिकेशन करना है। वह कुछ समझ पाते कि बदमाशों ने उनकी कनपटी पर तमंचा लगाकर उनकी पत्नी तनीज फातिमा, पुत्री सोनम, पुत्र रईस, रिजवान व सलीम को कब्जे में लेकर बांध दिया। बदमाशों ने उनके पास से उर्स के लिए एकत्र किया गए 33 सौ रुपये लूट लिए। बदमाशों की आहट पर सामने के कमरे में मौजूद उनके पुत्र हनीफ ने दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और ग्राम प्रधान सहित कई परिचितों के नंबर पर फोन करने लगे, लेकिन किसी का नंबर नहीं लगा। इसी बीच बदमाश दबोचे गए सभी लोगों को एक कमरे में बंद कर कुछ दूरी पर स्थित गृहस्वामी हनीफ के कमरे पर पहुंचे और दरवाजा खोलने को कहा। जब हनीफ ने दरवाजा नहीं खोला तो बदमाशों ने पहले पेट्रोल डालकर आग लगाने की धमकी दी। एक बदमाश ने चारपाई खड़ी कर कमरे में लगे रोशनदान की जाली तोड़ दी और तमंचा दिखाकर दरवाजा खुलवा लिया। कमरे में घुसे बदमाशों ने हनीफ के चेहरे पर तमंचे की बट मार दी और उनके पुत्र दो वर्षीय सेफ की गर्दन पर चाकू रख दिया। इसी बीच पुत्र लईक ने बदमाशों के होने की सूचना प्रधान डॉ. नुजहत याकूब को मोबाइल पर दी। सूचना पर प्रधानपति समेत तमाम ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों के शोरशाराब मचाने पर बदमाश फायरिंग कर गन्ने के खेतों में भाग निकले। इस दौरान ग्रामीणों ने भी फायरिंग की। बदमाश दो लाख आठ हजार की नगदी, पत्नी व पुत्री के पहने जेवर के अलावा दो सोने के झूमर, दो मांग टीका, दो जोड़ी झाला, दो पैंडल, दो सोने की चेन, चार सोने के कंगन सहित 20 तोला सोना व आधा किलो चांदी लूट ले गए।
फील्ड यूनिट व खोजी सौम्या भी पहुंची
फील्ड यूनिट टीम और डॉग स्कवायड मौके पर पहुंचा। फील्ड यूनिट के एक्सपर्ट ने चारपाई, दरवाजों व बक्सों आदि के फारेंसिक साक्ष्य लिए। खोजी सौम्या भी हर बार की तरह घर से बाहर निकलकर एक गली तक गई और वहां से होकर गन्ने के खेत के पास पहुंचकर खड़ी हो गई।
एसपी को सूचना देने के
दो घंटे बाद पहुंची पुलिस
परेवावैश्य की ग्राम प्रधान पर डॉ. नुजहत याकूब ने बताया कि लईक ने रात करीब 1.22 मिनट पर कॉल कर उन्हें बदमाशों के घर में होने की सूचना दी थी। उन्होंने मामले की जानकारी पति को देते हुए एसपी को मोबाइल पर कॉल कर घटना की जानकारी दी थी, लेकिन इसके बाद भी जहॉनाबाद थाना व चौकी की पुलिस करीब पौने चार बजे मौके पर पहुंची।
पुलिस ने नहीं चलाया सर्च ऑपरेशन
बदमाशों की सूचना पुलिस को समय से मिल गई थी। यदि जहॉनाबाद व चौकी पुलिस समय से मौके पर पहुंचती और इलाके की घेराबंदी कर सर्च अभियान चलाती तो बदमाश भागने में सफल नहीं हो पाते। पुलिस की लेट लतीफी का फायदा बदमाशों को मिला और वह भाग निकले।