मैलानी की ओर से आ रही पशु तस्करों की कार पकड़ने में चार थानों की पुलिस असफल रही। एसपी की सूचना पर पुलिस ने स्विफ्ट कार को पकड़ने के लिए तमाम प्रयास किए लेकिन तस्कर हाथ नहीं लगे। गजरौला थाना गेट पर तो पुलिस के बैरियर को ही टक्कर मारकर कार सवार बरखेड़ा की ओर निकल गए।
मंगलवार रात एसपी मुनिराज को सूचना मिली कि लाल रंग की स्विफ्ट कार में गोवंशीय पशुओं को लाया जा रहा है। इस पर एसपी ने हाइवे पर बनी चौकियों और थानों को अलर्ट कर कार पकड़ने के निर्देश दिए। सेहरामऊ थाने की गढ़वाखेड़ा चौकी पुलिस को चकमा देकर कार सवार निकल आए तो गजरौला पुलिस ने पकड़ने के लिए हाइवे पर बैरियर लगा दिया, लेकिन पशु तस्करों ने कार से टक्कर मारकर बैरियर को तोड़ दिया। वायरलेस पर सूचना देकर आगे के थानों की पुलिस को सचेत किया गया। असम चौराहा पर सुनगढ़ी इंस्पेक्टर अतुल प्रधान को पुलिस बल के साथ तैनात किया गया लेकिन नतीजा सिफर रहा। सीओ सिटी निर्मल बिष्ट ने बताया कि घेराबंदी के बावजूद कार निकल गई। उसमें गोवंशीय पशु होने की मिली थी।